चांद के दीदार से पहले चमके बाजार

करवा चौथ पर्व से पहले बाजारों में जमकर रोनक रही। शनिवार को पर्व को लेकर जमकर खरीदारी हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 12:02 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 12:02 AM (IST)
चांद के दीदार से पहले चमके बाजार
चांद के दीदार से पहले चमके बाजार

संवाद सहयोगी, हाथरस : करवा चौथ पर्व से पहले बाजारों में जमकर रोनक रही। शनिवार को पर्व की पूर्व संध्या पर तो सामान की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे बाजार गुलजार हो गए। सबसे अधिक पूजा की सामग्री, कपड़े, उपहार की दुकानों पर देर रात तक खरीदारी होती रही। शहर में भीड़ के चलते जगह-जगह जाम लगा रहा।

दीपावली से पूर्व आने वाले करवा चौथ का महत्व होता है। यह पर्व रविवार को मनाया जाएगा। शहर से लेकर देहात तक के बाजारों में करवा चौथ पर्व को लेकर सुबह से ही खरीदारी शुरू हो गई थी। दोपहर के बाद तो बाजारों में भीड़ के चलते रास्ता निकलना भी मुश्किल हो रहा था। महामारी से बचने के लिए कुछ महिला व पुरुष ग्राहकों ने मुंह पर मास्क लगा रखा था। शहर के शापिग सेंटरों पर भी ग्राहक अपनी पसंद के उत्पाद खरीदने में लगे थे। इसके लिए दुकानों पर सामान को भली-भांति सजाकर रखा गया था। देहात के सिकंदराराऊ, सादाबाद, सासनी, हसायन, पुरदिलनगर, मुरसान व सहपऊ के बाजारों में खूब भीड़ रही।

खूब बिके करवा व कैलेंडर

करवा चौथ पर्व पर चूड़ियां, गहने, श्रृंगार, करवा, कैलेंडर, कपड़े व अन्य सामान खरीदने के लिए दुकानों पर भीड़ लगी हुई थी। दुकानों के अलावा हथठेलों पर भी करवा व कैलेंडर कई दिनों से बाजार में बिक रहे थे। इसके अलावा मिष्ठान, किराना, फल, ड्राईफ्रूट व पैकेट बंद उत्पादों को अधिक पसंद किया जा रहा था।

ब्यूटी पार्लर व मेहंदी वालों का इंतजार करते रहे ग्राहक

महिलाओं ने सुबह से ही ब्यूटी पार्लर जाना शुरू कर दिया था। दोपहर के बाद तो इसके लिए ब्यूटी पार्लर व मेहंदी वालों के यहां कतार लगाकर महिलाएं अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। कुछ ने पहले से बुकिग कराकर घर पर ही पार्लर का कार्य कराया। दुकानदारों ने मनमर्जी से ऊंची कीमतें वसूल कीं।

ध्वस्त रही यातायात व्यवस्था

त्योहारी सीजन करीब एक महीने से शुरू हो गया है। पिछले एक सप्ताह से तो बाजार में खूब भीड़ उमड़ रही है। उसके बाद भी नो एंट्री लागू नहीं की गई। शनिवार को भी बाजारों में ई-रिक्शा, कार, टेंपो, लोडर वाहनों के चलते पल-पल पर जाम लगता रहा। दुकानदारों ने बेंच व तख्त डालकर फुटपाथों को घेर लिया है। कमला बाजार, बागला मार्ग, घंटाघर सहित सभी बाजार जाम से कराहते रहे।

116 मिनट रहेगा करवा चौथ पूजा का शुभ मुहूर्त

पति की लंबी आयु और वैवाहिक जीवन सुखमय होने की कामना पूर्ति के लिए निर्जला व्रत सुहागिनों द्वारा रखा जाता है। ज्योतिषाचार्य सीपुजी महाराज ने बताया कि करवा चौथ का पर्व कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को शुभ मुहूर्त रविवार को शाम 6:55 से रात 8:51 तक रहेगा। चांद का दीदार रात 8:18 बजे होगा। रोहिणी नक्षत्र में चांद निकलेगा और पूजन होगा। कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि इस साल रविवार सुबह 3:01 बजे से सोमवार को सुबह 5:43 बजे तक रहेगी।

chat bot
आपका साथी