कोहरे से सहमा सूरज, बढ़ गई सर्दी

मौसम में बदलाव के चलते अचानक सर्दी और बढ़ गई। बुधवार को सुबह से ही कोहरा छाया रहा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 12:09 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 12:09 AM (IST)
कोहरे से सहमा सूरज, बढ़ गई सर्दी
कोहरे से सहमा सूरज, बढ़ गई सर्दी

संवाद सहयोगी, हाथरस : मौसम में बदलाव के चलते अचानक सर्दी और बढ़ गई। बुधवार को सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही थीं। सूर्य देव के भी दर्शन नहीं हुए। कोहरा और बादलों के छाए रहने से ठिठुरन बढ़ गई। सर्दी बढ़ने से बाजार में गरम कपड़ों की दुकानों पर बिक्री बढ़ गई। मौसम सर्द रहने व बारिश की आशंका के चलते कामकाज भी प्रभावित रहे।

दिसंबर आते-आते मौसम में भी बदलाव होने लगा है। गुलाबी ठंड का मजा ले रहे लोगों को बुधवार के दिन सर्दी ने अपना अहसास करा दिया। सुबह से ही मौसम बहुत सर्द बना हुआ था। सर्दी के चलते घरों से निकलना भी मुश्किल दिख रहा है। हवाओं का असर सर्दी को और बढ़ा रहा था। सर्दी बढ़ने का कारण पहाड़ों पर हुई बर्फबारी बताया जा रहा है। इसके चलते तापमान भी गिरने लगा है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन में छाया रहा शाम सा अंधेरा

सर्दी के तेवर बुधवार को अचानक और सख्त हो गए। कोहरा व बादलों के चलते सूरज ने भी मुंह छुपा लिया था। इससे पूरे दिन शाम सा अंधेरा छाया रहा। ²श्यता कम होने के चलते सड़कों पर चालक वाहनों की लाइट जलाकर निकल रहे थे। दोपहर बाद फिर सर्दी और बढ़ गई। बादलों के छाए रहने से कहीं-कहीं तो बूंदाबांदी भी हुई।

सर्दी के चलते प्रभावित रहे कामकाज

मौसम को देखते हुए सुबह से ही बारिश होने की संभावना बनी हुई थी। सर्द मौसम के चलते लोग घरों से भी कम निकलने। इस दिन निर्माण कार्य भी प्रभावित रहे। शैक्षिक संस्थानों व सरकारी कार्यालयों में भी उपस्थिति कम रही। वहीं, खेतों में फसलों का कामकाज नहीं हो सका। इससे किसान व मजदूर परेशान रहे।

गुलजार रहे गरम कपड़ों के बाजार

मौसम में आए परिवर्तन से अचानक सर्दी बढ़ गई है। इसे लेकर लोगों ने गरम कपड़ों की खरीदारी भी शुरू कर दी है। बाजार में गरम कपड़ों की दुकानों पर खूब भीड़ रही। स्वेटर, मफलर, कार्डिगन, टोपी, शाल व अन्य कपड़े खूब पसंद किए जा रहे हैं। शहर में लगे हिमालियन बुद्धिस्ट मार्केट व लुधियाना बाजार भी ग्राहकों के चलते गुलजार रहे।

तापमान इस प्रकार रहा

दिन, अधिकतम-न्यूनतम तापमान सेल्सियस में

बुधवार, 27-17

गुरुवार, 27- 15

शुक्रवार, 22-13

शनिवार, 26- 14

रविवार, 26- 14

chat bot
आपका साथी