श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज, घर-घर जन्मेंगे कन्हाई

शहर से लेकर देहात तक मंदिरों के साथ घरों में भी की गई सजावट पूर्व संध्या पर बाजारों में जमकर हुई खरीदारी दुकानों पर रही भीड़।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Aug 2021 01:26 AM (IST) Updated:Mon, 30 Aug 2021 01:26 AM (IST)
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज, घर-घर जन्मेंगे कन्हाई
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज, घर-घर जन्मेंगे कन्हाई

संवाद सहयोगी, हाथरस : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जिले में सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व के लिए पहले से ही मंदिरों को रंगीन रोशनियों से सजाया गया है। घरों में भी सजावट की गई है। भक्त अपने आराध्य के प्राकट्योत्सव पर व्रत रखकर पूजा-पाठ करेंगे। इसके लिए सामान की खरीदारी को पर्व की पूर्व की संध्या पर बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी।

ब्रज की देहरी हाथरस में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व घर-घर में मनाया जाता है। इसके लिए रक्षाबंधन के बाद ही तैयारियां शुरू हो जाती है। यह पर्व भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को मनाया जाता है। शहर से लेकर देहात तक के मंदिरों को सजाया गया है। इसकी तैयारियों में लोग सुबह से ही लगे हुए थे। घरों में चहल-पहल थी। जन्माष्टमी पर्व को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

जन्माष्टमी पर्व को लेकर तैयारियां कई दिन से की जा रही थी। पर्व से एक दिन पूर्व बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ थी। दोपहर बाद तो बाजारों में भीड़ बढ़ गई। सबसे अधिक खरीदारी मुकुट, बांसुरी, पोशाक, झूला, मोरपंख की हो रही थी। सर्राफा की दुकानों पर चांदी के झूले, बांसुरी व सिंहासन भी खरीदे जा रहे थे।

फल व खोवा की खरीदारी : जन्माष्टमी पर व्रत रखा जाता है। व्रत के लिए कुटू-सिंघाड़े का आटा, खोवा, दूध व अन्य सामान की खरीदारी हुई। सेब, केला, अमरूद व अन्य फल इस दिन महंगे बिके। भगवान को भोग लगाने के लिए तरह-तरह की चीजें खरीदी गईं। सबसे अधिक भीड़ कमला बाजार, बागला मार्ग, रामलीला ग्राउंड व घंटाघर के बाजारों में थी जिससे जाम लगता रहा। इनका कहना है-

जन्माष्टमी पर्व के लिए सालभर इंतजार रहता है। इसके लिए बाजारों में खरीदारी कर सजावट और पूजा का सामान खरीदा जा रहा है।

-राधिका, श्रद्धालु जन्माष्टमी पर्व के लिए बाजार से लड्डू गोपाल का मुकुट, पोशाक, झूला व अन्य सामान की खरीदारी की। बहुत सी चीजें रह गई हैं जिन्हें सोमवार को खरीदूंगी।

-अर्पिता, श्रद्धालु जन्माष्टमी का पर्व मनाने के लिए घरों में बच्चों को बाल-कृष्ण व राधा के रूप में सजाया जाता है। इसकी तैयारी की जा रही हैं। घर में झांकी सजाई जाएगी।

एकता, श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर सुबह से ही व्रत रखना है। व्रत को भगवान कृष्ण के जन्म लेने के बाद पूजा-अर्चना करके ही खोलते हैं। घरों में सजावट की जा रही है।

-मोनू, श्रद्धालु

chat bot
आपका साथी