सीमा उपाध्याय के सामने शशि चौधरी होंगी विपक्ष की प्रत्याशी

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर रालोद-सपा नेताओं ने 17 सदस्यों का साथ होने का किया दावा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 04:15 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 04:15 AM (IST)
सीमा उपाध्याय के सामने शशि चौधरी होंगी विपक्ष की प्रत्याशी
सीमा उपाध्याय के सामने शशि चौधरी होंगी विपक्ष की प्रत्याशी

जासं, हाथरस : जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बुधवार को रालोद और सपा नेताओं ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। रालोद नेता प्रदीप चौधरी गुड्डू की पत्नी शशि चौधरी को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया गया। दोनों दलों के पदाधिकारियों ने दावा किया कि उनके संपर्क में 17 सदस्य हैं और अध्यक्ष शशि चौधरी ही निर्वाचित होंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन सत्ताधारी दल के प्रत्याशी को जिताने का प्रयास कर रहा है।

जिला पंचायत हाथरस में कुल 24 सदस्य हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को बहुमत के लिए 13 सदस्यों की जरूरत है। भाजपा ने पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय को प्रत्याशी घोषित किया है। उधर रालोद और सपा ने गठबंधन कर एक साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इस संबंध में बुधवार को हाथरस में सपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता की गई। रालोद नेता प्रदीप चौधरी गुड्डू की पत्नी शशि चौधरी को चुनाव लड़ाने की घोषणा की गई। शशि चौधरी वार्ड 15 से, जबकि प्रदीप चौधरी गुड्डू वार्ड 16 से सदस्य निर्वाचित हुए हैं। प्रदीप चौधरी ने कहा कि उनके पास बहुमत से ज्यादा सदस्य हैं। सपा के चार और रालोद समर्थित तीन सदस्य चुनाव जीते हैं। उन्होंने दावा किया कि पूरा विपक्ष उनके साथ है। कुल 17 सदस्य उनके संपर्क में हैं। पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, प्रताप चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन सत्ता के दबाव में है। सत्ताधारी दल के प्रत्याशी को जिताने का प्रयास कर रहा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने शशि चौधरी को पूरी मजबूती से चुनाव लड़ाने के निर्देश दिए हैं। भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ा जाएगा। वार्ता में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव, रामनारायण काके, चौ.भाजुद्दीन, रमेश सिंह ठेनुआं, हेमंत गौड़, मो.इशाक, धर्मवीर सिंह, संजीव यादव, रामसहाय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी