भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सीमा उपाध्याय का नाम तय

निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भाजपा में हुईं शामिल प्रदेश नेतृत्व की मुहर पूर्व मंत्री रामवीर की पत्नी हैं सीमा फतेहपुर सीकरी से रह चुकी हैं सांसद।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 04:50 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 04:50 AM (IST)
भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सीमा उपाध्याय का नाम तय
भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सीमा उपाध्याय का नाम तय

जासं, हाथरस : जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सीमा उपाध्याय होंगी। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। जिला पंचायत सदस्य का निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद सीमा उपाध्याय पिछले महीने भाजपा में शामिल हुईं थीं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी इसकी पुष्टि की है।

बसपा से निलंबित पूर्व मंत्री और सादाबाद के विधायक रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय ने वार्ड 14 से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। भाजपा ने उनके सामने उनकी देवरानी ऋतु उपाध्याय को प्रत्याशी बनाया था। ऋतु उपाध्याय रामवीर के छोटे भाई पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय की पत्नी हैं। सीमा उपाध्याय ने इस वार्ड पर जीत दर्ज की। पिछले महीने वह देवर रामेश्वर उपाध्याय के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। रामवीर परिवार का दो दशक से जिला पंचायत में दबदबा रहा है। सीमा उपाध्याय खुद दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके साथ ही वह वर्ष 2009 में फतेहपुर सीकरी से सांसद रही थीं। भाजपा में शामिल होने के बाद से ही उनका नाम जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए फाइनल माना जा रहा था। अब प्रदेश नेतृत्व ने इस पर मुहर लगा दी है। इसकी औपचारिक घोषणा होना बाकी है। वर्जन--

सीमा उपाध्याय पिछले महीने विधिवत भाजपा की सदस्यता ले चुकी हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में प्रदेश नेतृत्व ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा का ही होगा।

-गौरव आर्य, जिलाध्यक्ष भाजपा। इनसेट ---

ब्लाक प्रमुख पद के लिए इंतजार

जनपद के सात ब्लाक में प्रमुख पद के लिए भाजपा के स्थानीय संगठन की और से दावेदारों के नाम हाईकमान को भेजे जा चुके हैं। अधिकृत प्रत्याशी के नाम फाइनल होना बाकी है। सूत्रों के अनुसार छह ब्लाकों से दो-दो नाम और सबसे अधिक सासनी ब्लाक से पांच नाम गए हैं। सासनी में सदर विधायक और सांसद के परिवार से भी दावेदार हैं। उधर, मुरसान ब्लॉक से प्रमुख दावेदार रामेश्वर उपाध्याय पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

ब्रज प्रांत के भाजपा जिलाध्यक्षों

की वृंदावन में बैठक आज

भाजपा संगठन और पंचायत चुनाव को लेकर गंभीर है। जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के बाद अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले पार्टी संगठन की आगामी रूपरेखा और रणनीति और पंचायत चुनाव को लेकर ब्रज प्रांत की बैठक शनिवार को वृंदावन में होने जा रही है। इसमें भाजपा के 19 जिलाध्यक्ष भाग लेंगे। संगठन के हिसाब से 12 जिलों के जिलाध्यक्ष हैं और जहां सात महानगर हैं, वहां भी जिलाध्यक्ष का पद है। जिसमें पड़ोसी अलीगढ़ महानगर भी शामिल है।

chat bot
आपका साथी