आज हाथरस नहीं आएंगे सतीश मिश्रा, बसपा का ब्राह्मण सम्मेलन स्थगित

जिलाध्यक्ष ने मुख्य अतिथि की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम स्थगित होने की दी है जानकारी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 04:13 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 04:13 AM (IST)
आज हाथरस नहीं आएंगे सतीश मिश्रा, बसपा का ब्राह्मण सम्मेलन स्थगित
आज हाथरस नहीं आएंगे सतीश मिश्रा, बसपा का ब्राह्मण सम्मेलन स्थगित

जासं, हाथरस : तीन अगस्त को हाथरस में प्रस्तावित बहुजन समाज पार्टी का ब्राह्मण सम्मेलन ऐन वक्त पर स्थगित हो गया। पार्टी जिलाध्यक्ष ने सोमवार शाम को मुख्य अतिथि बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी दी। उधर, हाथरस के एक बसपा नेता ने फेसबुक पर कार्यक्रम स्थगन की वजह लिख दी तो सियासी भूचाल आ गया।

ब्राह्मणों को लुभाने के लिए बसपा प्रदेशभर में सम्मेलन कर रही है। इसके लिए पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी है। ब्रज क्षेत्र में बसपा के सम्मेलन लगातार जारी हैं। इसी क्रम में तीन अगस्त को हाथरस और अलीगढ़ में सम्मेलन प्रस्तावित था। हाथरस में सम्मेलन की तैयारी के लिए स्थानीय नेता भागदौड़ में लगे थे। इसी बीच कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर नया मोड़ आ गया। बसपा जिलाध्यक्ष महेश बाबू कुशवाह ने कार्यक्रम के स्थगित होने की जानकारी दी। उन्होंने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि सतीश चंद्र मिश्रा की व्यस्तता के कारण हाथरस में प्रस्तावित ब्राह्मण सम्मेलन स्थगित किया जा रहा है। सम्मेलन की आगामी तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।

उधर, बसपा के एक मंडल स्तरीय नेता ने फेसबुक पोस्ट के जरिए सियासत को गरमा दिया। उन्होंने लिखा है, 'रामवीर उपाध्याय को नजरअंदाज कर कोई ब्राहमण सम्मेलन हाथरस में हो सके यह संभव नहीं है। उनका समाज यह जानता है कि वह अपने नेता की राजनीतिक मौत नहीं होने देंगे। अनुसूचित जाति के लोग अपने नेता को नजरअंदाज कर सकते हैं। मैंने अपनी नेता बहन मायावती को उचित माध्यम से सूचना प्रेषित कर दी है।' इस पोस्ट पर आए कमेंट के जवाब में बसपा नेता ने लिखा है, 'गांव-गांव भागते-भागते कदम थक गए, हमने ब्राह्मणों के पैर छुए, मगर कोई रामवीर उपाध्याय के सामने टिकने को तैयार नहीं था, इसके लिए बहन जी को अवगत करा दिया है। अगर सतीश चंद्र मिश्र का बचपन हाथरस में गुजरा होता तो यह कार्यक्रम जरूर होता।' बसपा नेता के इस पोस्ट के बाद जिले में सम्मेलन स्थगित होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इनका कहना है

फेसबुक पर किस नेता ने क्या लिखा है, मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुख्य अतिथि सतीश चंद्र मिश्रा के व्यस्तता के कारण कार्यक्रम स्थगित किया गया है। जल्द ही आगामी तिथि घोषित की जाएगी।

-महेश बाबू कुशवाह, जिलाध्यक्ष बसपा

chat bot
आपका साथी