ग्लैमर का तड़का लगा गईं सपना चौधरी

रोड शो की नहीं मिली थी अनुमति प्रचार वाहन पर खड़े होकर बोल पाईं जिला पंचायत सदस्य की भाजपा समर्थित प्रत्याशी ऋतु के प्रचार में आई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 04:04 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 04:04 AM (IST)
ग्लैमर का तड़का लगा गईं सपना चौधरी
ग्लैमर का तड़का लगा गईं सपना चौधरी

जासं, हाथरस : स्टार प्रचारक के रूप में पहुंचीं हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने पंचायत चुनाव प्रचार के आखिरी दिन ग्लैमर का तड़का लगा दिया। साथ ही आप खुश हैं और ठीक हैं, स्टेमिना कम है, ताऊ आवाज नहीं आ रही, जैसे शब्द बोलकर उनसे भावनात्मक रूप से जुड़ने की कोशिश की। साथ ही मतदाताओं को बड़ा सम्मान देते हुए यह भी कहा कि यह पब्लिक है, सब जानती है और पब्लिक से इंटेलिजेंट कोई नहीं होता। लोगों ने अब तो नचवाय देयो जैसी आवाज लगाकर उन्हें नाचने के लिए प्रेरित किया। संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने डांस तो नहीं किया लेकिन फरमाइश पर चुनरी जयपुर से मंगवाई, गजबण पानी न चाली, गाना गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रचार में सजातीय वोटों को रिझाने के लिए उनसे खास फरमाइश भी की। इस दौरान उन्होंने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी की ओर से शराब बांटने और मिठाई बांटने पर भी चुटकी ली।

मंगलवार को सपना चौधरी जिला पंचायत के वार्ड 14 की भाजपा समर्थित प्रत्याशी ऋतु उपाध्याय के समर्थन में चुनाव प्रचार करने दोपहर एक बजे पहुंचीं। एक घंटे के कार्यक्रम में उन्होंने सिर्फ 15 मिनट का समय प्रचार के लिए दिया। रोड शो की अनुमति न मिल पाने के कारण कार्यक्रम सीमित रह गया। वे प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय पर एक प्रचार वाहन में खड़ी होकर लोगों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने लोगों से फिर से यहां आने का वायदा भी किया। कोरोना का संक्रमण देखते हुए मास्क लगाने और शारीरिक दूरी का पालन करने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव चिह्न दिखाते हुए वोट मांगने की अपील की। इससे पूर्व सदर विधायक हरीशंकर माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने भी प्रत्याशी के लिए लोगों से समर्थन मांगा। पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय ने लोगों से प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा और क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर सेवा का वायदा किया। संचालन शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने किया। इसके बाद वे बिना रोड शो किए लौट गईं। उनके जाने के बाद प्रत्याशी ऋतु उपाध्याय के समर्थन में अन्य पदाधिकारियों के साथ वाहनों के साथ क्षेत्र में रोड शो किया गया।

chat bot
आपका साथी