रोडवेज बसों से रात में बाइपास पर उतार रहे, टीआइ भी गायब

यात्रियों ने सीएम से पोर्टल पर की शिकायत पहले भी बस स्टैंड पर यात्री कर चुके हैं हंगामा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 01:09 AM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 01:09 AM (IST)
रोडवेज बसों से रात में बाइपास पर उतार रहे, टीआइ भी गायब
रोडवेज बसों से रात में बाइपास पर उतार रहे, टीआइ भी गायब

जासं, हाथरस : परिवहन निगम में चालक-परिचालक लखनऊ में बैठे उच्चाधिकारियों के आदेश भी नहीं मान रहे हैं। वे बसों को शहर में अंदर नहीं ला रहे हैं और हाथ से टिकट बनाकर बाइपास पर उतारकर चले जाते हैं। इससे रात के समय यात्रियों को परेशानी हो रही है। रात में टीआइ भी बाइपास पर ड्यूटी नहीं दे रहे हैं। परेशान यात्री मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर रहे हैं।

यात्रियों की शिकायत पर परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों ने आगरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाली बसों को हाथरस के अंदर होकर जाने के निर्देश दिए हैं, मगर कुछ बसों के चालक व परिचालक अपनी मर्जी से बसों को चला रहे हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। दिन में और रात के समय दो शिफ्ट में दो टीआइ की ड्यूटी नगला भुस और रुहेरी बाइपास पर लगाई थी, लेकिन यह टीआइ रात के समय नहीं बैठते हैं। इसके कारण रात के समय बस वाले अंदर से बस नहीं ले जाते हैं। एक यात्री ने सीएम पोर्टल पर शिकायत भी की है। हाथरस के तरफरा रोड, गणेश मंदिर निवासी अखिलेश अग्रवाल ने शिकायत में कहा है कि सोमवार की रात पौने नौ बजे अतरौली डिपो की बस (यूपी 14 बीटी-9971) अलीगढ़ से रात को आगरा के लिए चली थी। बस को हाथरस शहर के अंदर से ले जाने की बजाय हतीसा बाइपास पर उतार कर चले गए। इसी प्रकार 29 नवंबर को रामपुर डिपो की बस बाइपास पर उतारकर चली गई। दैनिक यात्री अमित वाष्र्णेय ने बताया कि बसों के अंदर आने के आदेश के बाद यात्री बस स्टैंड पर पहुंच रहे हैं मगर वहां आगरा से अलीगढ़ की ओर से जाने वाली बसें बस स्टैंड पर नहीं आती हैं। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कुछ चालक शहर के अंदर बस लाने के बाद बस स्टैंड के बाहर से ही बिना रुके चले जाते हैं। हाथ से काट रहे टिकट

परिचालकों की मनमानी यहीं तक नहीं रुक रही है, वे यात्रियों को हाथ की टिकट दे रहे हैं। मशीन की टिकट में समय, स्थान और किलोमीटर तक लिखे होते हैं, मगर इन पर समय, स्थान और किराया तक स्पष्ट नहीं होता है। रात के समय यात्रियों को बाइपास पर टेंपो व अन्य साधन भी नहीं मिलते हैं। उन्हें कई किलोमीटर पैदल चलकर घर आना पड़ता है।

यात्री काट चुके हैं हंगामा

एक सप्ताह पहले जब हाथरस बस स्टैंड पर बसें नहीं रुक रही थीं तब यात्रियों ने इंचार्ज के कक्ष में जाकर हंगामा काटा था। एक कंडक्टर ने वहां मौजूद स्टाफ की नहीं मानी और बस छोड़कर चला गया था। उसके बाद यात्रियों ने आरएम को फोन कर शिकायत की थी। वर्जन ---

जो ड्राइवर-कंडक्टर अंदर से बसें नहीं ले जा रहे हैं उनके खिलाफ जुर्माना व निलंबन की कार्रवाई जाएगी। रात के वक्त भी टीआइ को नगला भुस और रुहेरी बाइपास पर ड्यूटी देनी होगी।

मोहम्मद परवेज, क्षेत्रीय प्रबंधक

बोले यात्री

आदेश के बावजूद चालक व परिचालक बसों को मनमानी से चला रहे हैं। रात के समय शहर के अंदर बसें नहीं आती हैं। इससे परेशानी हो रही है।

अखिलेश अग्रवाल शहर में पुल बन जाने के बाद भी यात्रियों की समस्या कम नहीं हुई है। जब पुल नहीं बना था तब बसें अंदर होकर जाती थीं। अब चालक और परिचालक मनमानी कर रहे हैं।

अजय शर्मा अलीगढ़ और आगरा जाने के लिए पर्याप्त रोडवेज की बसें नहीं हैं। शहर के बीचोंबीच बस स्टैंड होने के बावजूद यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

कमल वाष्र्णेय रोडवेज बसों से छात्र-छात्राएं भी सफर करते हैं। निर्धारित समय पर बस न चलने और शहर के अंदर होकर न आने और न जाने से परेशानी होती है।

भव्य गर्ग

chat bot
आपका साथी