दो हजार वाहनों का रद हो सकता है पंजीकरण

30 सितंबर से पहले वाहन स्वामी करा सकते हैं इन वाहनों की फिटनेस एक फरवरी 2020 से नहीं हुई है इन व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस 30 सितंबर के बाद ऐसा वाहन स्वामी को दिया जाएगा नोटिस।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 05:22 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 05:22 AM (IST)
दो हजार वाहनों का रद हो सकता है पंजीकरण
दो हजार वाहनों का रद हो सकता है पंजीकरण

संवाद सहयोगी, हाथरस : बिना फिटनेस जिले में वाहनों का संचालन नहीं किया जाएगा। 30 सितंबर तक फिटनेस नहीं कराने वाले वाहनों के पंजीकरण निलंबित किए जाएंगे। इस तरह के करीब दो हजार वाहनों की फिटनेस करीब ड़ेढ़ साल से नहीं कराई गई है।

दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों की फिटनेस बहुत जरूरी है। यह फिटनेस परिवहन विभाग के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में की जाती है। जिले में करीब दस हजार से अधिक व्यवसायिक वाहनों के रूप में दर्ज हैं। इन वाहनों में दो हजार ऐसे वाहन हैं जिनकी फिटनेस पिछले साल एक फरवरी से नहीं हुई है। इन वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग ने सख्त चेतावनी जारी की है। इनके लिए फिटनेस कराने को अंतिम मौका 30 सितंबर तक है।

दिए जाएंगे नोटिस :

फिटनेस नहीं कराने वाले वाहनों के खिलाफ 30 सितंबर के बाद परिवहन विभाग द्वारा नोटिस दिए जाएंगे। वहीं चेकिग में पकड़े जाने पर इन वाहनों पर जुर्माना लगाते हुए चालान भी किया जाएगा। इन वाहनों में बस, ट्रक, छोटे ट्रक, लॉरी, स्कूली वाहन, टेंपो, थ्री व्हीलर, सात सीटर से अधिक के निजी वाहन शामिल हैं। इनके लिए विशेष चेकिग अभियान भी चलाया जाएगा।

अब नहीं बढ़ेगा एक्सटेंशन

एआरटीओ में दस हजार व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हैं। आरआइ संतोष कुमार ने बताया कि कोरोना काल में लगे लाकडाउन में वाहनों का संचालन बंद हो गया था। उस दौरान राहत देते हुए एक फरवरी 2020 से खड़े रहने वाले वाहनों का तीन-तीन माह के लिए एक्सटेंशन 30 सितंबर 2021 तक बढ़ाया गया था। करीब दो हजार वाहनों की फिटनेस कराने से वाहन स्वामी बच रहे हैं मगर अब आगे और मौका नहीं दिया जाएगा। समय से फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं आने पर कार्रवाई तय है।

chat bot
आपका साथी