राजा महेंद्र प्रताप को मिलना चाहिए भारत रत्न : बेबीरानी

उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने राजा महेंद्र प्रताप को भारत रत्‍‌न देने की मांग की है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 11:56 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 11:56 PM (IST)
राजा महेंद्र प्रताप को मिलना चाहिए भारत रत्न : बेबीरानी
राजा महेंद्र प्रताप को मिलना चाहिए भारत रत्न : बेबीरानी

संवाद सूत्र, हाथरस: उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने राजा महेंद्र प्रताप को भारत रत्न दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि राजा साहब का जीवन त्याग और बलिदान से भरा हुआ है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश के लिए कार्य करने की जरूरत है। राजा साहब भारत रत्न थे, हैं, और भारत रत्न ही रहेंगे।

सादाबाद के कूपा रोड स्थित गेस्ट हाउस में राजा महेंद्र प्रताप के 135वीं जयंती महोत्सव में वह बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न दिलाने की मांग पर सहमति जताते हुए कहा कि राजा साहब इस सम्मान के हकदार हैं। यह काम सिर्फ कहने भर से नहीं होगा। इसके लिए जो प्रक्रिया है उसको पूरा करना होगा। भारत रत्न दिलाने की प्रक्रिया में 100 विधायकों के पत्रों की जरूरत होती है, वह लगाने होंगे। पूर्व गवर्नरों के पत्र भी लगाए जाते हैं, वह स्वयं भी राजा साहब को भारत रत्न के लिए अपना पत्र लगाएंगी। राजा साहब के सम्मान में हर वर्ष इस तरह के कार्यक्रम होने चाहिए। वह हमेशा ही मंच, माला और माइक से दूर रहे लेकिन उन्होंने अपना सब कुछ देश के लिए न्यौछावर कर दिया।

भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सोनाली फोगाट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम राजा साहब के परिवार को ही नहीं हम सब को भी आयोजित करने चाहिए। हरियाणा में जाट समाज के लोगों के साथ मिलकर वह महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने का कार्यक्रम शुरू करने वाली हैं। वह सबसे पहले अपने यहां आर्यन पेशवा राजा महेंद्र प्रताप सिंह की मूर्ति स्थापित कराएंगी। राजा महेंद्र प्रताप सिंह पर पीएचडी करने वाले डा. अनूप शर्मा ने भी राजा साहब के जीवन और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। शैलेंद्र सिंह द्वारा राजा साहब के जीवन पर बनी डाक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से राजा साहब के त्याग और बलिदान को लोगों के बीच रखा गया। कार्यक्रम में शामिल रहीं हस्तियों का फूल मालाओं, पटका पहनाकर और पुष्प भेंट कर स्वागत किया। राजा महेंद्र प्रताप के प्रपौत्र कुंवर चरत प्रताप सिंह के संयोजन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया। सादाबाद के चित्रकार डा. भेद प्रकाश सिंह ने बेबी रानी मौर्य को राजा साहब का स्कैच भेंट किया। जाट एकता मंच महिला विग की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनीता सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता चौहान, जाट एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरपाल सिंह जाट, बल्लभगढ़ के राजा के पौत्र कुंवर नरवीर सिंह प्रीति चौधरी, कप्तान सिंह ठेनुआं, चंद्रवीर सिंह, शिवकुमार, विक्रम सिंह, डा. अनूप शर्मा, राम हरि चाहर आदि मौजूद रहे।

300 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी भाजपा: मौर्य : राजा महेंद्र प्रताप सिंह के जयंती उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य मीडिया से रूबरू हुईं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियां जनता अच्छी तरह जानती है। भाजपा की टक्कर किसी भी दल से नहीं है। भाजपा 300 से ज्यादा सीटों के साथ 2022 में फिर से सरकार बनाएगी। जनता में केवल भाजपा की सरकार बनने को लेकर उत्साहित है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनाली फोगाट ने कहा कि उन्हें शुरू से ही समाज सेवा करने का शौक था, इसी लिए भाजपा से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें देश को लूटने का काम करती थीं, लेकिन अब ईमानदारी से काम करने वाली सरकार है।

chat bot
आपका साथी