बारिश ने बरपाया कहर, दो की मौत, कई मकान गिरे

शहर में कांशीराम कालोनी में मजदूर की करंट से तो साकेत कालोनी में शिक्षक की पानी निकालते समय गिरने से हुई मौत।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 03:47 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 03:47 AM (IST)
बारिश ने बरपाया कहर, दो की मौत, कई मकान गिरे
बारिश ने बरपाया कहर, दो की मौत, कई मकान गिरे

जासं, हाथरस : मंगलवार को दोपहर बाद से रुक-रुककर हो रही बारिश से बुधवार को जनजीवन ठहर सा गया। शहर की गलियों से लेकर खेतों तक पानी भरा हुआ है। नाले-नालियों की बारिश से पहले सफाई न होने से नगर पालिका व नगर पंचायतों की पोल खुल गई। शहर के कांशीराम कालोनी में पानी भरा होने पर जमीन पर तारों में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं साकेत कालोनी में एक शिक्षक की छत पर बारिश का पानी निकालते समय गिरने से मौत हो गई। हाथरस जंक्शन क्षेत्र में दो मकान गिरने से लाखों का नुकसान हुआ है। हसायन के मोहल्ला कछियान कलां में भी एक मकान गिरने की खबर है। अन्य स्थानों पर भी नुकसान हुआ है।

शहर में साकेत कालोनी निवासी 45 वर्षीय बल्लभ चतुर्वेदी गंगचौली स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। लगातार हो रही बारिश के कारण उनकी छत पर पानी भर गया था। बुधवार को पौने सात बजे वह पानी निकालने छत पर गए थे। इसी दौरान वह छत से गिर गए। नीचे सड़क पर सिर के बल गिरने से उन्हें गंभीर चोट आई। उन्हें स्वजन व पड़ोसी जिला अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। उन्हें आगरा ले जा रहे थे मगर सादाबाद पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। स्वजन उन्हें घर ले आए। शिक्षक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बेटियों को बिलखता छोड़ गए।

दूसरी घटना : कांशीराम कालोनी में खुले तार पड़े थे। 30 वर्षीय श्याम सिंह मजदूरी कर लौट रहा था। पानी भरा होने के कारण उसे ऐसा करंट लगा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घरों पर कुदरत का कहर

हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव कैलोरा में अंसार पुत्र सील मोहम्मद का मकान गिरने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घर में परिवार के सदस्य नहीं थे।

कैलोरा चौराहे पर उदयवीर सिंह पुत्र मनीराम सिंह का मकान है। मंगलवार की रात दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मकान के अंदर रखा अलमारी व अन्य घरेलू सामान बेकार हो गया। परिवार के सदस्य उस समय बाहर थे। उदयवीर सिंह के अनुसार उनका करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बराबर में खाली प्लाट है। इस प्लाट में छह फुट पानी भरा हुआ है। इसी कारण नींव व दीवारों में पानी चले जाने से पूरा मकान गिर गया। उदयवीर सिंह के अनुसार खाली प्लाट के स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। गांव रामपुर में निर्माणाधीन मैरिज होम की दीवार गिरने से नुकसान हुआ है। बेटे ने बचाई स्वजन की जान

उदयवीर सिंह का बेटा हरियाणा में नौकरी करता है। रात में वह घर आया था। रास्ते में पानी भरा होने के कारण वह बाहर खड़ा हो गया। परिवार के सारे सदस्य भी उससे मिलने बाहर निकल आए। इसी बीच मकान भरभरा कर गिर गया। यदि बेटा उस समय नहीं आता तो परिवार के सदस्य घर में होते और बड़ा हादसा हो सकता था।

हसायन में बाण रोड के पास मोहल्ला कछियान कलां में राणा सिंह पुत्र लेखराज अपने परिवार के साथ रहते हैं। रात को बरसात के कारण इनका मकान गिर गया। इसकी जानकारी राजस्व विभाग को दी गई है। भाजपा सभासद भगवान सिंह बघेल ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पुरदिलनगर में भी मकान व दीवारें गिरीं

संसू, पुरदिलनगर : क्षेत्र के ग्राम ग्राम जिरौली कलां निवासी महेन्द्र सिंह, सतेन्द्र कुमार, इन्द्रपाल तथा माडी निवासी श्मामलाल जाटव, राजपाल सिंह, बहोरन, राम प्रकाश शर्मा के मकान, टीन शेड और दीवार बरसात के कारण गिर गई हैं। ग्राम माडी में श्यामलाल का मकान गिरने से बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। छह गांवों की बिजली ठप पड़ी है। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार शर्मा ने आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया है।

chat bot
आपका साथी