चंद वोटों के अंतर से बन गए प्रधान जी

सादाबाद के सीस्ता में तीन वोट और नौपुरा में पांच वोट से हुई हार-जीत सासनी के गांव किदौली में दो वोट से बने प्रधान।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 03:58 AM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 03:58 AM (IST)
चंद वोटों के अंतर से बन गए प्रधान जी
चंद वोटों के अंतर से बन गए प्रधान जी

टीम जागरण, हाथरस : चुनाव में एक-एक वोट की क्या कीमत होती है, यह वही समझ सकता है जो प्रधानी के चुनाव में एक-दो वोट से हार गया। जनपद में सादाबाद और सासनी ब्लॉक में तीन प्रधान दो से लेकर सात वोटों के अंतर से जीत पाए हैं। कांटेदार मुकाबले में इनका चुना जाना काफी दिलचस्प रहा।

सादाबाद में मई क्षेत्र की ग्राम पंचायत नोपुरा में दो बार के प्रधान रहे हरभजन सिंह का मुकाबला पहली बार रणधीर सिंह से था। मतगणना के दौरान जैसे-जैसे मतपेटिका खुलती गई, दोनों प्रत्याशियों की धड़कनें तेज होने लगी, क्योंकि सभी मतपेटिका में लगभग दोनों प्रत्याशियों के वोट बराबर आ रहे थे। एकबारगी तो यह लग रहा था कि शायद चुनाव टाई हो सकता है, लेकिन अंत में रणधीर सिंह को 588 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निवर्तमान प्रधान हरभजन सिंह को 583 वोट मिले। रणधीर सिंह मात्र 5 वोटों से चुनाव जीत पाए।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत सीस्ता से प्रधान पद की प्रत्याशी पुष्पा देवी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्मला देवी को मात्र सात वोटों से हराया। मतगणना के दौरान दोनों के लगभग बराबर वोट निकलने से संशय बना रहा, क्योंकि पुष्पा देवी सोलंकी को कुल 867 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी को 860 मत मिले।

ब्लॉक सासनी के गांव किदौली में प्रधान पद के चुनाव में आसिफ खान को 512 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को अरविन को 510 वोट मिले। अरविन के आखिर में दो वोट कैंसिल हो गए थे। इनसेट --

पहले बराबर, पर्ची ने बनाया प्रधान

संसू, सिकंदराराऊ : गांव नाई नगला ताहर के ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी सुमित कुमार ने 649 वोट हासिल किए , वहीं विवेक कुमार को भी 649 वोट मिले। निरस्त वोटों के आधार पर दोनों पक्ष अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे थे। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने दोनों प्रत्याशियों के नाम की पर्ची डलवाई, जिसमें विवेक कुमार की पर्ची निकली, जिसके आधार पर विवेक कुमार को विजयी घोषित कर दिया।

chat bot
आपका साथी