कानऊ में पुलिस का घेराव, हंगामा

गांव पहुंचे सीओ और पुलिस को ग्रामीणों ने घेरा जमकर नोकझोंक कई थानों की पुलिस पहुंची।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 12:49 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 12:49 AM (IST)
कानऊ में पुलिस का घेराव, हंगामा
कानऊ में पुलिस का घेराव, हंगामा

संसू, हाथरस : ब्लॉक प्रमुखी की कुर्सी के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों की घेराबंदी शुरू हो गई है। ऐसा ही मामला हसायन में सामने आया है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्वेता सिंह के पति सुमंत किशोर सिंह पर एक बीडीसी के पति को बंधक बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में दर्ज मुकदमे को लेकर सुमंत के गांव पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने घेर लिया। तीन घंटे तक जमकर हंगामा और नोकझोंक हुई। कई थानों की पुलिस के आने के बाद अधिकारी गांव से लौटे। पुलिस अब सुमंत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

नगरिया गांव का वार्ड नंबर 5 से एक महिला प्रत्याशी बीडीसी बनी हैं। उनके पति उमेश को जबरन बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए छोटे भाई दिनेश ने हाथरस जंक्शन में बंधक बनाने, एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में सुमंत किशोर, उनके साथी भूरा समेत चार-पांच लोगों के खिलाफ दो दिन पहले मुकदमा दर्ज कराया था। इसी सिलसिले में सीओ सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ बुधवार की दोपहर दो बजे सुमंत के आवास पर गांव कानऊ पहुंचे थे। दबिश का हल्ला होने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया। फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अधिकारियों की ग्रामीणों से जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पर हाथरस जंक्शन, सिकंदराराऊ की पुलिस फोर्स भी गांव पहुंच गई। बमुश्किल ग्रामीण पीछे हटे, तब अधिकारी वहां से लौटे। पुलिस अब सुमंत के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। इनका कहना है

मुझे चुनाव लड़ने से रोकने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस ने सजिशन दूसरे पक्ष के साथ मिलकर मेरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

सुमंत किशोर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति सुमंत किशोर और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की विवेचना सीओ सिकंदराराऊ कर रहे हैं। वह वादी का बयान भी दर्ज कर चुके हैं। इसी सिलसिले में वह जांच करने गांव कानऊ गए थे। सुमंत किशोर ने समर्थकों के साथ कार्य में बाधा डाली है। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

विनीत जायसवाल, एसपी हाथरस।

chat bot
आपका साथी