दो हजार से अधिक पौधे रोपेगा पुलिस विभाग

दैनिक जागरण की मुहिम आओ रोपें अछे पौधे से प्रेरित हो एसपी ने जारी किया आदेश।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 06:41 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 06:41 AM (IST)
दो हजार से अधिक पौधे रोपेगा पुलिस विभाग
दो हजार से अधिक पौधे रोपेगा पुलिस विभाग

संवाद सहयोगी, हाथरस : जिले को हरा-भरा रखने के लिए दैनिक जागरण की मुहिम 'आओ रोपें अच्छे पौधे' में कई विभाग भागीदारी कर रहे हैं। हाथरस के पुलिस अधिकारी और कर्मी इस अभियान में सहभागिता करेंगे। पुलिस विभाग की ओर से दो हजार से अधिक पौधों का रोपण जिले के सभी थानों व पुलिस कार्यालय में किया जाएगा। एसपी विनीत जायसवाल ने दैनिक जागरण की मुहिम से प्रेरित होकर यह आदेश जारी किए हैं।

दैनिक जागरण ने पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए अभियान चला रखा है। इस अभियान को अपार जन सहयोग मिल रहा है। अब सरकारी विभागों ने भी इस मुहिम में अपना सहयोग देना शुरू कर दिया है। इस अभियान में सहयोग करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पौधारोपण के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। वैश्विक महामारी कोरोना काल में पुलिस का बदला हुआ रूप लोगों को देखने को मिला। सख्त लहजा के लिए पहचान रखने वाली पुलिस ने अपनी इस छवि को तोड़ा है।

वैश्विक महामारी कोरोना काल में आक्सीजन की कमी ने लोगों को वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। दैनिक जागरण ने भी 'आओ रोपें अच्छे पौधे' की मुहिम शुरू की है। एसपी ने सभी थानों, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक समेत समस्त पुलिसकर्मियों को इस मुहिम में सहभागिता को कहा है। उन्होंने हरेक थाने में 100-100 पौधे रोपने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पहले से ही गड्ढे खुदवाकर तैयारी के लिए भी कहा है। इनका कहना है

पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षों का होना जरूरी है। जीवनदायिनी आक्सीजन हमें वृक्षों से ही मिलती है। इसलिए पौधारोपण होना चाहिए।

-अखिलेश मिश्रा, व्यापारी वैश्विक महामारी ने हमें वनों की दुनिया की याद दिला दी है। वन हैं तो हम हैं, यह बात सही है। वनों से हमें रोजी-रोटी ही नहीं सांस लेने के लिए आक्सीजन भी मिलती है।

-रविकांत गुप्ता, समाजसेवी इस वर्षाकाल में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। अपने आसपास हरा-भरा रखने के लिए सभी को पौधे अवश्य लगाने चाहिए। वृक्ष बनने तक इन पौधों की देखभाल हो।

-डीके सिसौदिया, एसएचओ कोतवाली सादाबाद

फोटो- 36

पौधे लगाकर भूल न जाएं,

उनकी देखभाल भी जरूरी

वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए हर साल पौधारोपण किया जाता है। इसके लिए सबसे जरूरी पौधों की देखभाल है। इस बार हमें पौधारोपण करने के साथ उनके वृक्ष बनने तक देखभाल की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। वर्षाकाल पौधारोपण के लिए उचित समय है। ज्यादा ऑक्सीजन देने वाले अच्छे पौधे रोपे जाने से पर्यावरण शुद्ध होता है। जगह कम होने पर फूल, पत्ती वाले पौधे लगा सकते हैं। अधिक जगह है तो नीम, पीपल, बरगद, सहजन व अन्य प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाना चाहिए। हाथरस का पुलिस विभाग भी दैनिक जागरण की मुहिम के साथ है। सभी लोगों से अपील है कि वह पौधों को रोपने के बाद अपने बच्चे की तरह उसकी देखभाल करें। पौधे भी परिवार के सदस्य की तरह हैं। पौधारोपण का लाभ आगामी पीढि़यों तक मिलता है।

-विनीत जायसवाल, एसपी हाथरस

chat bot
आपका साथी