हाथरस हत्याकांड का मुख्य आरोपित गौरव शर्मा अब भी फरार, पुलिस ने घोषित किया एक लाख का इनाम

Hathras Murder Case उत्तर प्रदेश का हाथरस जिले में किसान अमरीश शर्मा की हत्या का मुख्य आरोपित गौरव शर्मा उर्फ रुद्राक्ष पंडित अभी फरार है। पुलिस ने गौरव शर्मा पर एक लाख का इनाम घोषित किया है। अन्य फरार आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 03 Mar 2021 02:50 PM (IST) Updated:Wed, 03 Mar 2021 03:01 PM (IST)
हाथरस हत्याकांड का मुख्य आरोपित गौरव शर्मा अब भी फरार, पुलिस ने घोषित किया एक लाख का इनाम
पुलिस ने गौरव शर्मा पर एक लाख का इनाम घोषित किया है।

हाथरस, जेएनएन। उत्तर प्रदेश का हाथरस जिले में किसान अमरीश शर्मा की हत्या का मुख्य आरोपित गौरव शर्मा उर्फ रुद्राक्ष पंडित अभी फरार है। पुलिस ने गौरव शर्मा पर एक लाख का इनाम घोषित किया है। अन्य फरार आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। गौरव शर्मा खुद को सपा नेता के रूप में प्रचारित करता रहा है। सपा के अलावा भाजपा नेताओं के साथ भी उसके फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मृतक की बेटी ने गौरव शर्मा सहित चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

हाथरस के सासनी क्षेत्र के गांव नौजरपुर में सोमवार शाम ताबड़तोड़ फायरिंग कर खेत में आलू की खोदाई कर रहे 52 वर्षीय किसान अमरीश शर्मा की हत्या कर दी गई थी। खेत में कुछ मजदूर आलू की बिनाई में लगे थे, तभी आरोपित गौरव शर्मा, रोहिताश शर्मा, निखिल शर्मा व ललितेश शर्मा अपने दो अन्य साथियों के साथ खेत पर हथियारों से लैस होकर पहुंचे। यहां उन्होंने दो साल पहले अमरीश शर्मा के परिवार की एक लड़की की ओर से दर्ज कराए गए छेड़छाड़ के मुकदमे में समझौते के लिए धमकाते हुए फायरिंग कर दी। कई राउंड फायरिंग में अमरीश शर्मा गोली लगने से वहीं गिर पड़े। आरोपित कार से भाग गए। पुलिस की मदद से अमरीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्हें कई गोली लगी है।

बता दें कि हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र के गांव नौजरपुर में सोमवार को खेत पर आलू की खोदाई करा रहे किसान अमरीश शर्मा को कई हमलावरों ने गोलियाें से भून दिया था। अमरीश शर्मा के परिवार की एक युवती ने आरोपित गौरव निवासी गांव सौंगरा, थाना जवां अलीगढ़ पर जुलाई, 2018 में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें गौरव जेल भी गया था। एक माह जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आ गया था। इसी को लेकर गौरव का परिवार मृतक के परिवार से रंजिश मानता था।

यह भी पढ़ें : हाथरस हत्याकांड का मुख्य आरोपित गौरव शर्मा बताया जा रहा सपा नेता, दिग्गज के साथ फोटो हो रही वायरल

यह भी पढ़ें : नम आंखों के साथ बेटी ने दिया पिता को कंधा, बोली- हत्यारों का एनकाउंटर करे पुलिस

chat bot
आपका साथी