जिले में झमाझम बारिश से सुहावना हुआ मौसम

जिले में कहीं कम तो कहीं ज्यादा हुई बारिश फसलों के लिए फायदेमंद।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 01:04 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 01:04 AM (IST)
जिले में झमाझम बारिश से सुहावना हुआ मौसम
जिले में झमाझम बारिश से सुहावना हुआ मौसम

संवाद सहयोगी, हाथरस : शनिवार की सुबह और रात में झमाझम बारिश हुई। बादल कई दिन से डेरा डाले हुए हैं। रविवार को भी कहीं हल्की तो कहीं ज्यादा बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

करीब एक सप्ताह से मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार की सुबह सिकंदराराऊ में करीब 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। तेज आंधी तो कई बार दिन में आई। आधी रात में करीब ढाई घंटे तक आंधी के साथ बारिश हुई। रविवार को सुबह से ही बादल छाए हुए थे। इसके बाद शाम करीब चार बजे तेज आंधी के साथ बादल छा जाने अंधेरा हो गया। हल्की बूंदाबांदी हुई। बादल छाए होने से रात में बारिश की संभावना बनी हुई थी।

सासनी, सादाबाद, हसायन, पुरदिलनगर, मुरसान, सहपऊ क्षेत्रों में भी शनिवार को आंधी तो आई मगर हल्की बूंदाबांदी ही हुई। ठंडी हवा चलने से गर्मी से राहत मिली है। विशेषज्ञों की मानें तो जिले में 15 जून के बाद बारिश शुरू हो जाएगी। फसलों को मिलेगी संजीवनी

जून में भीषण गर्मी पड़ने से फसलें सूखने लगती हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी व कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामपलट बताते हैं कि इस समय ज्वार, मक्का, बाजरा, जामुन, आम, ढेंचा, सनई और लटकने वाली सब्जियों के लिए बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं है। वहीं धान की नर्सरी व फसल के लिए भी बारिश बहुत जरूरी है। आंधी से पेड़ मकानों पर गिरा, दो घायल

संसू, हसायन : रविवार की शाम को आई आंधी और बारिश से कई पेड़ उखड़ गए। मकान पर गिरने से महिला सहित दो लोग घायल हो गए। वहीं खंभे टूटने से बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव जहांगीरपुर में शाम को आई तेज बारिश और आंधी ने कई पेड़ उखाड़ दिए। बिजली के खंभे धराशायी हो गए। मकानों के ऊपर विशालकाय पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मकान पर गिरने से सत्यपाल और नफीसन घायल हो गई। सूचना के बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

chat bot
आपका साथी