साइकिल यात्रा में दिखा देशभक्ति का जोश

रविवार को सिकंदराराऊ पहुंचने पर पुष्प वर्षा कर किया गया स्वागत देश के विभिन्न कोनों से शुरू हुई यात्राएं दो को राजघाट पहुंचेंगी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 04:05 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 04:05 AM (IST)
साइकिल यात्रा में दिखा देशभक्ति का जोश
साइकिल यात्रा में दिखा देशभक्ति का जोश

संसू, हाथरस : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आजादी के बलिदानियों की वीरगाथा का बखान करने के लिए बिहार के पश्चिमी चंपारण से शुरू हुई केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) की साइकिल यात्रा रविवार को सिकंदराराऊ पहुंची। जवानों ने साइकिल यात्रा में राष्ट्रभक्ति के नारे लगाकर लोगों को अमर बलिदानियों के बारे में बताया। यहां उप जिलाधिकारी राजेश कुमार, सीओ सुरेंद्र सिंह व प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा ने जिले की सीमा पर पहुंचकर साइकिल यात्रा की अगवानी की। नगर में जोरदार स्वागत हुआ। यह यात्रा सोमवार की सुबह अलीगढ़ के लिए रवाना होगी।

कोतवाली चौराहा, जीटी रोड से होते हुए साइकिल यात्रा पंत चौराहे पर पहुंची, जहां विधायक वीरेंद्र सिंह राणा व भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने बुके भेंटकर और फूल मालाएं पहनाकर यात्रा में शामिल सीआइएसएफ के जवानों का स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल जवानों पर पुष्प वर्षा की। विधायक ने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविद वल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वातावरण वंदे मातरम एवं भारत माता की जय के नारों से गुंजायमान हो उठा।

राणा ने कहा कि पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। देश को आजादी महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के फलस्वरूप मिली है। हमारी आजादी एवं देश की रक्षा की जिम्मेदारी देश के जवान भली-भांति निभा रहे हैं। देश की सीमा पर और अंदर भी देश के दुश्मनों को सबक सिखाने में जुटे हैं।

तत्पश्चात यात्रा अलीगढ़ रोड स्थित एक गेस्ट हाउस पर पहुंची, जहां यात्रा को रात्रि विश्राम के लिए रोका गया। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह राणा झंडी दिखाकर यात्रा को अलीगढ़ के लिए रवाना करेंगे।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे सीआइएसएफ के इंस्पेक्टर श्यामल कुमार ने बताया कि अमृत महोत्सव के उपलक्ष में देश के ऐसे 75 स्थानों से साइकिल यात्रा निकाली जा रही है जहां पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन छेड़ा था। साइकिल यात्री दो अक्टूबर को दिल्ली के राजघाट पहुंचेंगी। वहां आयोजित समारोह में साइकिल यात्रा का समापन कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य आम लोगों को आजादी की लड़ाई में बलिदान होने वाले वीरों के बारे में देश के लोगों को विस्तृत जानकारी देना है तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर एकता, स्वच्छता की नीति तथा राष्ट्र भावना के प्रति लोगों को जागृत करना है। इस यात्रा में सीआइएसएफ के इंस्पेक्टर ओपी यादव, हीरालाल मीना, यात्रा कोआर्डिनेटर राकेश कुमार व राजीव कुमार समेत 90 जवान शामिल हैं।

यहां स्वागत करने वालों में नायब तहसीलदार अजय कुमार संतोषी, अनिल सिसोदिया, टरमेश सिंह, पंकज गुप्ता, लोकेश जादौन, रेशम पाल सिंह, नितिन पुंढीर, रामप्रताप चौहान, अजय प्रताप सिंह, उमेश नागर आदि शामिल थे। दो को राजघाट पर पहुंचेगी यात्रा

आजादी के 75 साल पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत गृह मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की बिहार के पश्चिमी चंपारण से 11 सितंबर को शुरू हुई साइकिल यात्रा दो अक्टूबर को दिल्ली के राजघाट पर पहुंचेगी। इसे इंस्पेक्टर श्यामल कुमार लीड कर रहे हैं। वहीं काकोरी से हीरा लाल मीणा की लीडरशिप में शुरू हुई यात्रा लखनऊ में तथा बिठूर, कानपुर से ओपी यादव की लीडरशिप में शुरू हुई यात्रा कन्नौज में पहुंच चुकी है। देश के विभिन्न स्थानों से शुरू होने वाली यात्राएं एक साथ दिल्ली पहुंचेंगी।

chat bot
आपका साथी