सड़कों पर घूम रहे एक हजार अनफिट वाहन

सड़कों पर एक हजार से अधिक अनफिट वाहन दौड़ रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Aug 2021 01:02 AM (IST) Updated:Fri, 27 Aug 2021 01:02 AM (IST)
सड़कों पर घूम रहे एक हजार अनफिट वाहन
सड़कों पर घूम रहे एक हजार अनफिट वाहन

संवाद सहयोगी,हाथरस: सड़कों पर एक हजार से अधिक अनफिट वाहन दौड़ रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं को बढ़ावा देने में अधिकांश रूप से ऐसे ही वाहन जिम्मेदार होते हैं। मूक दर्शक बने अधिकारियों के चलते ऐसे वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं।

परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस के बाद ही वाहनों को सड़कों पर चलाने की अनुमति दी जाती है। जिले में करीब 15 हजार से अधिक व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से करीब एक हजार वाहन बिना फिटनेस कराए ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहन कब और कहां दुर्घटना का कारण बन जाएं, कुछ नहीं कहा जा सकता है। परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा सख्ती के साथ चेकिग नहीं करने से ही ऐसे वाहनों के चालकों के हौसले बुलंद हैं।

खूब दौड़ रहे अवैध रूप से एलपीजी संचालित वाहन

जिले में बिना फिटनेस दौड़ने वाले वाहनों की संख्या करीब एक हजार है। इनमें से पांच सौ वाहनों में वैन, ईको, थ्री-व्हीलर व अन्य वाहन हैं। यह वाहन अवैध रूप से एलपीजी की किट लगाकर संचालित हो रहे हैं। एलपीजी वाहन की फिटनेस जिले में बंद होने से इन्हें बिना फिटनेस के चलाया जा रहा है।

व्यावसायिक कार्यों में चल रहे कृषि में दर्ज ट्रैक्टर-ट्राली

ट्रैक्टर-ट्राली को कृषि कार्य में दर्ज कराकर उन पर शतप्रतिशत छूट प्राप्त कर ली जाती है। इनमें से करीब 200 ट्रैक्टर भट्ठा पर ईंट ढोने, लकड़ी लादकर ले जाने, विल्डिग मैटेरियल की दुकानों पर चलाकर इनका व्यावसायिक प्रयोग किया जा रहा है।

बिना फिटनेस दौड़ रहे डग्गेमार वाहन

सड़कों पर बिना फिटनेस दौड़ने वाले वाहनों में तीन सौ से अधिक डग्गेमार वाहन भी शामिल हैं। इनमें मैजिक, मैक्स, छोटा हाथी, ट्रक और बस भी शामिल हैं। इन वाहनों की फिटनेस करीब तीन साल से नहीं हो रही हैं। वाहनों की फिटनेस में ब्रेक, साइड मिरर, स्पीड गवर्नर, फ‌र्स्ट एड बाक्स, लाइट चेक की जाती हैं।

इनका कहना है:

एलपीजी संचालित वाहनों की फिटनेस बंद है। फिटनेस नहीं कराने वाले वाहनों की चेकिग कराई जाती है। चेकिग में पकड़े जाने पर इन वाहनों के चालान और वाहन सीज करने की कार्रवाई नियमानुसार की जाती है।

- नीतू सिंह, एआरटीओ प्रशासन

chat bot
आपका साथी