वृद्ध ने कुएं में लगाई छलांग

आत्मघात -मोहल्ला रमनपुर में घटना से मची खलबली, पुलिस व दमकल पहुंची -मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा वृद्ध, परिजनों को दी सूचना

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Sep 2018 12:56 AM (IST) Updated:Thu, 13 Sep 2018 12:56 AM (IST)
वृद्ध ने कुएं में लगाई छलांग
वृद्ध ने कुएं में लगाई छलांग

संवाद सहयोगी, हाथरस : मोहल्ला रमनपुर में एक वृद्ध ने अचानक कुएं में छलांग लगा दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने सौ नंबर पर पुलिस को खबर दी। दमकल कर्मी भी पहुंचे। आधा घंटा की मशक्कत के बाद वृद्ध को बाहर निकाला जा सका।

बाहर निकालने के बाद पुलिस की पूछताछ में वृद्ध ने अपना नाम रामप्रकाश पुत्र मनसुखलाल निवासी चमन तकिया, चामड़गेट बताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वृद्ध काफी देर से रमनपुर स्थित सियाराम बगीची के आसपास घूम रहा था। कपड़े गंदे थे तथा सिर पर पट्टी बंधी थी। विक्षिप्त जानकर लोगों ने ध्यान नहीं दिया। तभी अचानक वह भागता हुआ कुएं पर पहुंचा और छलांग लगा दी। यह देख लोग हैरान रह गए। काफी संख्या में लोग जमा हो गए। एसआई हाथरस गेट सुबोध मान व फायर ब्रिगेड के कर्मचारी पहुंचे। दमकल कर्मी ने कुएं में उतरकर लोगों की मदद से वृद्ध को बाहर निकाला। अपने नाम के अलावा रामप्रकाश ने कोई सही जानकारी नहीं दी। वह मानसिक रूप से परेशान लग रहा था तथा कूदने की अलग-अलग वजहें बता रहा था। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कूदने से उसे कोई खास चोट नहीं आई है। शाम को परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि रामप्रकाश अक्सर बिना बताए घर से निकल जाते हैं।

chat bot
आपका साथी