ब्लाक प्रमुखी के लिए ताकत झोंक रहे दावेदार

जिला पंचायत में भाजपा के परचम को देखते हुए सत्ताधारी दल से आशीर्वाद की जुगत में सदस्य।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Jul 2021 04:04 AM (IST) Updated:Tue, 06 Jul 2021 04:04 AM (IST)
ब्लाक प्रमुखी के लिए ताकत झोंक रहे दावेदार
ब्लाक प्रमुखी के लिए ताकत झोंक रहे दावेदार

हिमांशु गुप्ता, हाथरस : जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के बाद अब ब्लाक प्रमुखी पर हर किसी की नजर है। दावेदारों ने सदस्यों के समर्थन की कोशिशें तेज कर दी हैं। हाथरस समेत पूरे प्रदेश में भाजपा का परचम लहराने के बाद ज्यादातर दावेदार सत्ता पक्ष के आशीर्वाद की ही जुगत में दिख रहे हैं। भाजपा ने हर ब्लाक से मजबूत दावेदारों को उतारने पर मंथन किया और हर ब्लाक से दावेदारों की दूसरी सूची प्रदेश संगठन को भेज दी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में प्रदेश में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। 67 सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा। हाथरस में भी भाजपा ने जीत दर्ज कर दो दशक की हार का सूखा खत्म किया है। यह परिणाम ब्लाक प्रमुखी के लिए आईना माना जा रहा है। इसी के चलते दावेदारों ने सत्ताधारी दल के साथ चलने का मन बना लिया है। हालांकि सभी ब्लाक पर भाजपा के लिए जीत की राह आसान नहीं है। कहीं-कहीं कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। भाजपा ने फिर से भेजी सूची

भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने बताया है कि 29 जून को कोर कमेटी की बैठक जिला कार्यालय पर हुई थी। यहां विधायकगण, सांसद, जिला प्रभारी, चारों महामंत्री, नगर पालिका अध्यक्ष आदि मौजूद रहे। यहां सभी ब्लाकों के दावेदारों के नाम पर मंथन किया गया। नामों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजी गई है। सभी नाम प्रदेश नेतृत्व से ही घोषित किए जाएंगे। हाथरस ब्लाक में कश्मकश

हाथरस के निवर्तमान ब्लाक प्रमुख अमर सिंह पांडेय की पत्नी पूनम पांडेय निर्विरोध बीडीसी निर्वाचित हुई हैं। वह इस बार प्रमुखी के लिए मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं। दूसरी ओर केशवदेव राणा की पत्नी रुखसाना भी ब्लाक प्रमुखी की मजबूती से तैयारी कर रही हैं। दोनों ही दावेदार भाजपा से प्रत्याशी बनने के लिए प्रयासरत हैं। सांसद-विधायक में खेमेबंदी

सासनी ब्लाक प्रमुख पद की सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। सांसद राजवीर दिलेर की बेटी डा. पूनम और विधायक हरीशंकर माहौर की पुत्रवधू प्रतिभा माहौर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। ब्लाक प्रमुखी के लिए सांसद के साथ विधायक भी जोर लगा रहे हैं। हालांकि चर्चा है पार्टी परिवारवाद को बढ़ावा न देते हुए किसी तीसरे को मैदान में उतार सकती है। ऐसी स्थिति को देखते हुए सांसद और विधायक ने अपने खेमे के दूसरे दावेदारों को उतारने की भी तैयारी की है। सिकंदराराऊ में कांटे का मुकाबला

सिकंदराराऊ ब्लाक प्रमुखी के लिए दो प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर के आसार हैं। भाजपा से पूर्व ब्लाक प्रमुख रेशमपाल सिंह के पुत्र अजय प्रताप सिंह को दावेदार माना जा रहा है। अभी कोई नाम भाजपा से सामने नहीं आया है। उनके सामने समाजवादी पार्टी के समर्थन से लालगढ़ी निवासी देवेंद्र यादव बंटी की मां सुदामा देवी को चुनाव में उतारने की तैयारी है। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। हसायन में भी दो के बीच मुकाबला

हसायन ब्लाक प्रमुख पद के लिए दो प्रत्याशी दमदारी से तैयारी कर रहे हैं। सुमंत किशोर सिंह की पत्नी निवर्तमान ब्लाक प्रमुख श्वेता सिंह चुनाव मैदान में उतरने जा रही हैं। वहीं भाजपा से टिकट के लिए धर्मपाल सिंह उर्फ पीलू भैया की मजबूत दावेदारी है। रामेश्वर निर्विरोध बन

सकते हैं ब्लाक प्रमुख

मुरसान ब्लाक : पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के छोटे भाई रामेश्वर उपाध्याय गांव कोटा वार्ड 72 से निर्विरोध बीडीसी बने हैं। वहीं उनकी पत्नी कल्पना उपाध्याय गांव बामौली वार्ड 52 से निर्विरोध बीडीसी बनी हैं। रामेश्वर उपाध्याय भाजपा में शामिल हो चुके हैं। वह पार्टी से एक मात्र दावेदार हैं। उनके निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनने के आसार हैं। जाटलैंड में रालोद की

मजबूत दावेदारी

सादाबाद ब्लाक में पूर्व प्रमुख मधुबाला चौधरी की पुत्रवधू रीना चौधरी क्षेत्र पंचायत सदस्य बनी हैं। उन्हें रालोद से ब्लाक प्रमुखी का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। भाजपा यहां सुभाष चौधरी की बेटी प्रियंका चौधरी को मैदान में उतारने के लिए मंथन कर रही है। सहपऊ में मुकाबला कड़ा

सहपऊ : गांव नगला पोड़ा के रामकिशन क्षेत्र पंचायत सदस्य बने हैं और ब्लाक प्रमुखी के लिए मजबूत स्थिति में माने जा रहे हैं। नगला मौजी से विजयी अनुराधा गौतम भी चुनाव की तैयारी कर रही हैं।

10 जुलाई को जनपद के सात ब्लाकों पर होना है ब्लाक प्रमुख का चुनाव

जासं, हाथरस : जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद शासन ने ब्लाक प्रमुखों के चुनाव का भी एलान कर दिया। डीएम स्तर से मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी होगी। 10 जुलाई को चुनाव होना है।

अपर मुख्य सचिव पंचायती राज अनुभाग मनोज कुमार सिंह की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। कहा गया है कि ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए आठ जुलाई को दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन होगा। नौ जुलाई को नाम वापस लिए जा सकेंगे। 10 जुलाई को दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक मतदान और उसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

ब्लाक प्रमुख के चुनाव को देखते हुए प्रशासन एक्टिव मोड में आ गया है। सोमवार देर शाम तैयारियां शुरू कर दी गईं। ब्लाक स्तर पर ही चुनाव और मतगणना कराई जाएगी। जिला स्तर के अफसरों को निर्वाचन अधिकारी नामित किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाने का काम मंगलवार को होगा। सात ब्लाकों में होगा चुनाव :

हाथरस, सादाबाद, सासनी, सहपऊ, मुरसान, सिकंदराराऊ, हसायन।

वर्जन

शासन स्तर से ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। वैसे प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

-आरबी भास्कर, सीडीओ हाथरस।

chat bot
आपका साथी