अब पढ़ने के लिए कोतवाली भी जाएंगे विद्यार्थी

हाथरस पुलिस की नई पहल चंदपा कोतवाली में शुरू हुआ लाइब्रेरी का निर्माण।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 02 Jun 2021 04:07 AM (IST) Updated:Wed, 02 Jun 2021 04:07 AM (IST)
अब पढ़ने के लिए कोतवाली भी जाएंगे विद्यार्थी
अब पढ़ने के लिए कोतवाली भी जाएंगे विद्यार्थी

हिमांशु गुप्ता, हाथरस : थाना-कोतवाली जाने से हर कोई बचता है। किसी को पुलिस ले जाए या बुला ले तो उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा खतरे में आ जाती है। लोग संदेह की नजर से देखने लगते हैं। हाथरस पुलिस यह धारणा बदलेगी। जल्द ही विद्यार्थी स्वाध्याय के लिए चंदपा कोतवाली जाएंगे। यहां लाइब्रेरी बन रही है, जिसमें किताबों के साथ बिजली, इंटरनेट, पानी और बैठने की सुविधा होगी। भवन निर्माण शुरू हो चुका है। एक माह बाद लोकार्पण की योजना है।

पुलिस को पब्लिक से जोड़ने में यह बड़ी पहल है। फरवरी में हुई बैठक के दौरान हाथरस के डीएम रमेश रंजन और एसपी विनीत जायसवाल ने इसकी योजना बनाई थी। एडीजी राजीव कृष्ण से स्वीकृति मिलने पर लॉकडाउन से पहले भूमि पूजन कराया गया था। निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी गई है। लाइब्रेरी के हाल और उसके फर्नीचर पर नौ लाख रुपये खर्च होंगे। यह राशि डीएम ने क्रिटिकल गैप मद से जारी की है। कोविड संक्रमण और चुनाव के कारण काम रुका हुआ था, जो अब शुरू हो गया है। हाल खोलने-बंद करने और चौकीदारी की जिम्मेदारी पुलिस की ही होगी। इंटरनेट, बिजली व पानी का खर्चा भी कोतवाली के खर्चों में शामिल होगा।

बैठ सकेंगे 35 विद्यार्थी : आगरा-अलीगढ़ रोड पर चार बीघा जमीन पर चंदपा कोतवाली है। करीब एक बीघा जगह खाली है। यहीं लाइब्रेरी बन रही है। 18 गुणा 14 फीट का हाल तैयार हो रहा है। इसमें करीब 35 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय बनवाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों को पढ़ाई का अच्छा माहौल व सुविधाएं देने के उद्देश्य से लाइब्रेरी बनाई जा रही है। जनसहयोग से होगा संचालन

एसपी ने बताया कि शुरुआत में लाइब्रेरी में कानून और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें होंगी। इसके बाद साहित्य व अन्य जरूरी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए जन सहयोग लिया जाएगा। कई लोगों ने पुस्तकें देने की इच्छा जताई है। इस तरह की सुविधा वाली प्रदेश की शायद यह पहली कोतवाली होगी। नगर निकायों में भी बनेगी लाइब्रेरी

डीएम रमेश रंजन की मानें तो जिले में दो नगर पालिका और सात नगर पंचायत हैं। इनके सहयोग से शहरी क्षेत्रों में लाइब्रेरी स्थापित कराने की प्रशासन की योजना है।

chat bot
आपका साथी