सगे भाइयों पर हत्या का मुकदमा, एक गिरफ्तार

हाथरस जंक्शन क्षेत्र में ठूलई के निकट हुई थी शनिवार की शाम को वारदात।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 04:12 AM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 04:12 AM (IST)
सगे भाइयों पर हत्या का  मुकदमा, एक गिरफ्तार
सगे भाइयों पर हत्या का मुकदमा, एक गिरफ्तार

संवाद सहयोगी, हाथरस : कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ठूलई के निकट एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। स्वजन ने पैसे के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के ही दो सगे भाइयों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

गांव ठूलई के निकट सड़क किनारे युवक का शव शनिवार दोपहर को पुलिस को मिला था। मृतक गांव नगला अडू का रहने वाला था। उसके बड़े भाई लेखन सिंह ने तहरीर देकर गांव के ही सगे भाई प्रवीन व ओमप्रकाश पर हत्या का आरोप लगाया था। लेखन सिंह ने कहा था कि उसका 24 वर्षीय छोटा भाई विनय गांव के ही प्रवीन व ओमप्रकाश के साथ भुस का व्यापार करता था। शनिवार सुबह वह बोलेरो लेकर दोनों युवकों के साथ मंडी गया था। दोपहर करीब चार बजे वापस लौटते समय दोनों साझीदारों ने विनय को शराब पिलाई। सिर में डंडा मारकर विनय को बेहोश कर दिया। फिर उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे विनय की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इंस्पेक्टर राजीव यादव का कहना है कि प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया है।

नाबालिग से दुष्कर्म

का आरोपित दबोचा

संसू, सादाबाद : बिसावर क्षेत्र के गांव नगला छत्ती में नाबालिग के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने पीड़िता के बाबा की शिकायत पर गांव के ही दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

पीड़िता के बाबा ने रिपोर्ट में बताया था कि 28 अप्रैल की रात करीब 8 बजे उनकी पौत्री पड़ोसी के यहां बर्तन देने जा रही थी। रास्ते में घात लगाकर बैठे गांव के दोनों युवकों ने पोती को जबरन पकड़ लिया। खाली प्लॉट में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया था। गांव के मुकेश पुत्र मोहन सिंह, सौरभ पुत्र संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मुकेश को पुलिस जेल भेज चुकी है, जबकि फरार चल रहे सौरभ चौधरी को पुलिस ने शनिवार को दबोचा। पूछताछ के बाद आरोपित को जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक डीके सिसोदिया ने प्रेस वार्ता कर इस मामले की जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी