तीनों विधानसभा क्षेत्रों की टोह ले गए केशव प्रसाद

अलीगढ़ से आगरा की ओर जाते समय जिलाध्यक्ष से की बात -संचालन समिति की बैठक में भाग लेकर लौट रहे थे डिप्टी सीएम।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 01:17 AM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 01:17 AM (IST)
तीनों विधानसभा क्षेत्रों की टोह ले गए केशव प्रसाद
तीनों विधानसभा क्षेत्रों की टोह ले गए केशव प्रसाद

जासं, हाथरस : विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा हाईकमान गंभीर नजर आ रहा है। गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को अलीगढ़ में मंडल के चारों जिलों की विधानसभाओं की संचालन समिति की बैठक में भाग लेकर लखनऊ लौट रहे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जिलाध्यक्ष गौरव आर्य को हाथरस तक साथ ले गए। कार में ही उन्होंने तीन विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा हालातों की टोह ली। यहां नगला भुस पर कार से उतरकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों से गुफ्तगू की। 2017 के चुनाव में तीन विधानसभा सीटों में भाजपा ने सिकंदराराऊ व हाथरस सदर ही जीती थी। भाजपा का विधानसभा चुनाव-2022 में सादाबाद सहित तीनों सीटों को जीतने का लक्ष्य है।

अलीगढ़ में आगरा रोड स्थित मैरिज होम में हुई बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों को परखा। कार्यकर्ताओं को दी गई जिम्मेदारियों के पूर्णरूप से संचालन के निर्देश दिए। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके बाद अलीगढ़ से लखनऊ के लिए वह रवाना हुए। रास्ते में हाथरस आता है। इस दौरान उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष हाथरस गौरव आर्य को भी कार में बैठा लिया और रास्ते में हाथरस जिले की तीनों सीटों की टोह ली। प्रत्याशियों और दावेदारों का भी फीडबैक लिया। हाथरस के नगला भुस तिराहे पर गाड़ी रोककर वह जिला प्रभारी देवेंद्र चौधरी, हाथरस सदर विधानसभा प्रभारी नत्थी सिंह, सादाबाद विधानसभा क्षेत्र प्रभारी चौ. तेजवीर सिंह, सिकंदराराऊ प्रभारी सुनील पांडेय व अन्य पदाधिकारियों से रूबरू हुए और फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

chat bot
आपका साथी