जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के सारथी बने जयवीर सिंह

पूर्व कैबिनेट मंत्री को अलीगढ़ से भेजा गया है हाथरस कहा भाजपा का उम्मीदवार ही होगा जिला पंचायत अध्यक्ष।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 12:27 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 12:27 AM (IST)
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के सारथी बने जयवीर सिंह
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के सारथी बने जयवीर सिंह

जासं, हाथरस : शासन की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद भाजपा हाईकमान ने प्रत्येक जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सहयोग के लिए एक-एक व्यक्ति को नामित किया है। इसी के अंतर्गत बुधवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को चुनाव का सहयोगी बनाया गया। जिले के संगठन प्रभारी चौ. राजा वर्मा ने कहा कि संगठन इन चुनावों को हल्के में नहीं ले रहा है। हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी की घोषित उम्मीदवार ही होंगी। जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने बताया कि सगंठन की तैयारियां पूरी हैं। अपने दलों के साथ अन्य लोग भी हमारे संपर्क में हैं और निर्विवाद रूप से जिले के साथ राज्य में भी भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष की संख्या सबसे अधिक होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के सहयोगी नियुक्त किये जाने पर ठा.जयवीर सिंह ने कहा कि जिले में कार्यकर्ताओं का मनोबल बहुत ऊंचा है। अधिक संख्या में प्रधान और बीडीसी भाजपा से जुड़ रहे हैं। हम विपक्ष के किसी भी मंसूबे को पूरा नहीं होने देंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष भी भाजपा का होगा। इस मौके पर रामवीर सिंह भैया, हरिशंकर राना व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रामवीर संग की मंत्रणा : जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में हाथरस का प्रभारी बनाए जाने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री ठा. जयवीर सिंह बुधवार को पहली बार हाथरस पहुंचे। उन्होंने पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय संग बैठक कर आगे की रणनीति पर मंथन किया।

ठा. जयवीर सिंह ने हाथरस की जिम्मेदारी को मिशन हाथरस के रूप में लिया है। भाजपा ने पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। भाजपा का जोर इस चुनाव में दमखम दिखाना है, ताकि अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल की जा सके। ठा. जयवीर सिंह ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी निश्चित रूप से भारी मतों से विजयी होगा। जनता का समर्थन भाजपा के साथ है। जनता देश में आगे भी मोदी और प्रदेश में योगी सरकार चाहती है। जिला अध्यक्ष गौरव आर्य ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर हाथरस प्रभारी राजा वर्मा ,जिला पंचायत सदस्य रामवीर भैया, गरुड़ध्वज सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी