मकान गिरा तो कहीं दीवार, पांच घायल

कई दिन से हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी बन गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 12:19 AM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 12:19 AM (IST)
मकान गिरा तो कहीं दीवार, पांच घायल
मकान गिरा तो कहीं दीवार, पांच घायल

संवाद सहयोगी, हाथरस: कई दिन से हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी बन गई है। फसलों को नुकसान के साथ अब मकान और दीवारों के गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को कई जगह मकान और दीवारें गिरीं। इसमें पांच लोग घायल हो गए।

शनिवार की तड़के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सोखना में दीवार गिर जाने से दंपती मलबे में दबकर घायल हो गए। हाथरस जंक्शन के गांव नगला खरग में मकान गिरने से तीन लोग मलबे में दबकर घायल हो गए, जिनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। शनिवार सुबह तो तेज धूप निकली। शाम को तेज बारिश हुई। रुक-रुककर यह क्रम रातभर चलता रहा। बारिश के कारण विद्युत सप्लाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है।

दीवार ढहने से आठ भेड़ों की गई जान

सादाबाद के गांव बीजलपुर में पशुपालक सुंदर सिंह बघेल की एक दीवाल बीती रात ढह जाने से 8 भेड़ों की मौत हो गई। 20 भेड़ घायल हो गईं। नगला बक्सा निवासी मजदूर राजवीर सिंह का शनिवार की सुबह मकान ढह गया है। गनीमत रही कि लोग घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। प्रधान प्रतिनिधि जगवेंद्र चौधरी के अलावा लेखपाल ने जांच पड़ताल करते हुए शासन को रिपोर्ट भेज दी है। बंटी चौधरी के नोहरे पर बरसात से टीन शेड व दीवार गिरने से नोहरे में बंधी गाय भैस बच गई। पटवारी अनिल गौतम ने पहुचकर मुआयना किया, मदद दिलाने का भरोसा दिया। वहीं मोहल्ला रतनपुरी में खाली पड़े प्लाटों में पानी भर जाने से मुकेश जिदल व मुन्नालाल शर्मा का मकान पूरी तरह से धंस गया। मकान के अंदर की स्थिति बहुत ही दयनीय हो गई। वहीं इसी मकान के निकट नगर पंचायत की एक सड़क भी धंस कर क्षतिग्रस्त हो गया।

पोखर का पानी घरों में पहुंचा

सहपऊ के गांव में नगला सेवा, पीहुरा, कोंकना कला, नगला कली एवं मढाका आदि गांवों के मध्य में बनी पोखर बरसात के कारण अब गांवों में पानी ओवर फ्लो हो गया है और घरों में घुस रहा है। ग्रामीण ने बताया कि चार दिनों से हो रही लगातार बारिश से कई गांवों के मध्य बनी पोखर अब उफान पर हैं। उनका पानी पास के घरों में घुस रहा है। गांवों में पोखर के आसपास निवास करने वाले बने मकानों में दरार पड़ गयी हैं। ग्रामीणों में मकान गिरने एवं बीमारी फैलने का भय सताने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि वह इन पोखर के पानी की निकासी के लिए उच्चाधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इस समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। नवनिर्वाचित प्रधान भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

शहर से लेकर देहात तक बिजली गुल

बारिश के कारण विद्युत सप्लाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। शुक्रवार रात को बारिश होने के कारण शहर में वाटर व‌र्क्स, गिजरौली, नवीपुर क्षेत्र की लाइनों में खराबी आ जाने के कारण करीब सात घंटे तक बिजली संकट रहा। इसके साथ ही शहर के नगला अलगर्जी में सौ केवी के ट्रांसफार्मर के खराब हो जाने के कारण रात से लोग बिना बिजली सप्लाई के परेशान हैं। शनिवार को शाम तक सप्लाई दुरुस्त हो सकी।

chat bot
आपका साथी