बाइक सवार की मौत पर हंगामा, जाम-प्रदर्शन

सासनी हाईवे पर शनिवार की दोपहर बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को मिनी बस ने टक्कर मार दी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Feb 2021 09:15 PM (IST) Updated:Sat, 20 Feb 2021 09:15 PM (IST)
बाइक सवार की मौत पर  हंगामा, जाम-प्रदर्शन
बाइक सवार की मौत पर हंगामा, जाम-प्रदर्शन

हाथरस: सासनी हाईवे पर शनिवार की दोपहर बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को मिनी बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने एक घंटे तक हंगामा काटते हुए जाम लगाया, पुलिस से खींचतान भी हुई। पुलिस ने लोगों को समझाते हुए मामले को शांत करा जाम खुलवाया। हादसे की रिपोर्ट बस चालक के खिलाफ दर्ज की है।

गांव बसगोई निवासी 19 वर्षीय सोनू अपने चचेरे भाई 20 वर्षीय सत्यवीर के साथ शनिवार को बाइक पर सवार होकर गैस सिलेंडर लेने के लिए जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार दोनों चचेरे भाई हाईवे स्थित कान्हा कोल्ड स्टोरेज के समीप पहुंचे तभी तेज गति में आ रही मिनी टूरिस्ट बस ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में सोनू की मौत हो गई। वहीं, सत्यवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी होते ही लोग एकत्रित हो गए। बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर स्वजन व ग्रामीण मौके पर आ गए। उन्होंने कोतवाली पर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही जाम लगा दिया। इस कारण वाहनों की लाइन लग गई। हंगामा व प्रदर्शन की सूचना पर इंस्पेक्टर गौरव सक्सेना पुलिस बल के साथ आ गए। उन्होंने तत्काल ही ग्रामीणों को समझाते हुए जाम को खुलवा दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे की रिपोर्ट मृतक के तयेरे भाई भरत सिंह ने चालक के खिलाफ दर्ज करा दिया है।

आनन-फानन हटवाया शव, नोक-झोंक: पुलिस ने सोनू के शव को तत्काल ही अस्पताल ले जाने की बात कहते हुए हटवा दिया। इस बात की जानकारी जब स्वजन को हुई तो उनकी पुलिस से नोक-झोंक व खींचतान हुई। पुलिस कर्मियों ने पुलिसिया रौब दिखाया। तत्काल ही मामला थम गया। मृतक अपने भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। इस हादसे को लेकर गांव में मातम छाया रहा।

मौत ने निगल लिया सोनू

सोनू शनिवार को अपने स्वजन से हमेशा के लिए अलविदा कह गया। सोनू के पिता मक्खन लाल पंजाब में मजदूरी करते हैं। वह अपने पिता के साथ वहीं रहता था। पिता से अनबन के कारण सोनू वहां से चला गया। उसकी तलाश हुई। चार साल बाद वह मिल सका। तीन साल पहले वह गांव लौट आया और पिता के साथ हाथ बंटा रहा था, लेकिन आज उसकी मौत हो गई।

chat bot
आपका साथी