सामाजिक भागीदारी से आएगी हरियाली, सुधरेगा पर्यावरण

दैनिक जागरण की मुहिम आओ रोपें अछे पौधे से प्रेरित होकर सामाजिक संगठनों ने लिया संकल्प।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 01:42 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 01:42 AM (IST)
सामाजिक भागीदारी से आएगी हरियाली, सुधरेगा पर्यावरण
सामाजिक भागीदारी से आएगी हरियाली, सुधरेगा पर्यावरण

संवाद सहयोगी, हाथरस : जिले को हरा-भरा रखने के लिए दैनिक जागरण की मुहिम 'आओ रोपें अच्छे पौधे' में लोग जुड़ते जा रहे हैं। सरकारी संगठनों के अलावा सामाजिक व शैक्षिक संगठनों ने भी इसे सफल बनाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। हाथरस के उद्योग व्यापार मंडल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सहित कई संगठन इस अभियान में सहभागिता करेंगे। इन संगठनों के मुखिया ने दैनिक जागरण की मुहिम से प्रेरित होकर इसके लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं।

दैनिक जागरण की ओर से वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान को जनसमुदाय की ओर से खूब सहयोग मिल रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के करीब छह संगठन आगे आए हैं। उनके पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े लोगों के लिए पत्र जारी किए हैं। इसमें उन्होंने पौधारोपण मुहिम के तहत अधिक संख्या में अच्छी किस्म के पौधे रोपने के लिए सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है।

वैश्विक महामारी कोरोना काल में हुई आक्सीजन की कमी ने पर्यावरण की याद दिला दी। यह पर्यावरण वृक्षों के अधिक होने पर ही सुरक्षित रह सकता है। इसके लिए समय-समय पर पौधारोपण बहुत जरूरी है। इसके लिए दैनिक जागरण ने 'आओ रोपें अच्छे पौधे' मुहिम शुरू की है। इसमें उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलक्ट्रेट संघ हाथरस के अध्यक्ष शशिकांत गौतम व मंत्री विवेक कुमार श्रोती ने जिले में पौधारोपण करने के निर्देश सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को दिए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डा.दिलीप कुमार आमोरिया व जिला मंत्री चंद्रवीर सिंह ने पर्यावरण हेतु पौधारोपण अभियान चलाकर 30 जून को और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने एक व दो जुलाई को जिले में पौधारोपण की बात कही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सिकंदराराऊ के नगर अध्यक्ष इंद्रदेव पालीवाल ने 26 जून को और उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल सिकंदराराऊ के नगर अध्यक्ष सूरज वाष्र्णेय ने 26 जून को पौधारोपण करने के निर्देश सभी व्यापारी भाइयों को दिए हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए पौधारोपण का फोटो अपील सहित सोशल मीडिया पर भी अपलोड करेंगे। इनका कहना है

वृक्षों से हरियाली आती है। पर्यावरण भी संतुलित रहता है। सभी को अपने जीवन में पौधारोपण कर उसके वृक्ष बनने तक देखभाल करनी चाहिए।

- सूरज वाष्र्णेय, नगर अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल पर्यावरण असंतुलित होने पर ही महामारियां व प्राकृतिक आपदाएं आती हैं। इनसे बचने और वनों को बढ़ाने के लिए सभी को पौधारोपण जरूर करना चाहिए।

- इंद्रदेव पालीवाल, नगर अध्यक्ष एबीवीपी

अपील--

बना रहेगा वन, तभी बचेगा जनजीवन

वृक्षों का महत्व सभी को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए। यह हरियाली ही नहीं लाते, बल्कि इनसे जीवनदायिनी आक्सीजन भी मिलती है। सरकार की ओर से हर साल पौधारोपण अभियान चलाया जाता है। पौधा लगाने से पहले उसके लिए जगह का चयन कर वहां पर गड्ढे की खोदाई करनी चाहिए। उसके बाद उसमें जगह के अनुसार फल, फूल व पत्तियों वाले वाले पौधे रोपें। पौधे की सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड भी लगाएं। उसके वृक्ष बनने तक उसमें पानी व खाद देते रहें। रोगों से बचाने के लिए जैविक कीटनाशकों का प्रयोग उचित रहता है। खुद के साथ दूसरों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करना चाहिए।

- यतेंद्र सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी हाथरस।

chat bot
आपका साथी