टायर की फैक्ट्री में लगी आग
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड पर रुहेरी के निकट पुराने टायरों पर रबड़ चढ़ाने की फैक्ट्री में शनिवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई।
संवाद सहयोगी, हाथरस : कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड पर रुहेरी के निकट पुराने टायरों पर रबड़ चढ़ाने की फैक्ट्री में शनिवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा अग्निशमन विभाग की दमकल मौके पर पहुंची। बड़ी मुश्किलों से आग पर काबू पाया जा सका। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इंद्रा नगर कालोनी निवासी चिराग गर्ग की रुहेरी के निकट बालाजी टायर के नाम से फैक्ट्री है, जहां पुराने टायरों पर रबड़ चढ़ाने का काम होता है। साथ ही पुराने टायरों के तार निकालकर उन्हें बाजार में बेचा जाता है। फैक्ट्री में काफी कर्मचारी काम करते हैं। शनिवार की दोपहर को किसी कारण से फैक्ट्री के अंदर आग लग गई। जिस वक्त आग लगी, उस समय फैक्ट्री के अंदर कर्मचारी काम कर रहे थे। जैसे ही आग की लपटे उठीं कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने शोर मचाया। इससे आसपास के तमाम लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने फोन करके दमकल की गाड़ियों को बुला लिया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया। आग लगने से कितना नुकसान हुआ है, अभी इसका आकलन नहीं हो पाया है। सूचना पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर मुनीशचंद्र का कहना है कि आग लगने से कितना नुकसान संचालक को हुआ है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया। इसका आकलन किया जा रहा है। बताते हैं कि फैक्ट्री में करीब दो महीने पहले भी इसी तरह भीषण आग लगी थी। उस समय काफी नुकसान हुआ था।