पुट्टी बनाने की फैक्ट्री में लगी आग

इंडस्ट्रियल एरिया के बाहर फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से हादसा लाखों का नुकसान।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 04:04 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 04:04 AM (IST)
पुट्टी बनाने की फैक्ट्री में लगी आग
पुट्टी बनाने की फैक्ट्री में लगी आग

जासं, हाथरस : शहर में इंडस्ट्रियल एरिया के पीछे एक प्लास्टर आफ पेरिस (पीओपी) बनाने वाली फैक्ट्री में मंगलवार की सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। प्लास्टिक के बोरियों और केमिकल में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग बुझाने के लिए तीन दमकल बुलानी पड़ी। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जाता है।

इंडस्ट्रियल एरिया के पीछे परशुराम कालोनी है। यहां पर गिर्राज कालोनी निवासी मुकेश जैन की श्रीजी पेंट्स एंड केमिकल्स के नाम से फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में प्लास्टर आफ पेरिस (पीओपी), जिसे पुट्टी भी कहा जाता है, के बनाने का काम होता है। पीओपी बनाने के लिए केमिकल रखे हुए थे। दीपावली का सीजन नजदीक होने के कारण पीओपी की मांग अधिक है। पहले से ही वारदाना मंगाकर रखा था। इसमें प्लास्टिक के बोरे भी शामिल थे। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक शार्ट सर्किट हुआ। इससे केमिकल व प्लास्टिक की बोरियों ने आग पकड़ ली। धीरे-धीरे आग बढ़ती चली गई। प्लास्टिक के बोरियों के जलने से आग की लपटों के साथ काला धुआं निकल रहा था। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। फैक्ट्री के लोगों ने बिजली काटकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस बीच इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। हाथरस के अलावा सासनी से भी दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। रात में बिजली के तारों

से टकराया था ट्रक

सोमवार रात इंडस्ट्रियल एरिया में सामान ले जाते समय एक ट्रक बिजली के तारों से टकरा गया था। इससे यहां की लाइन में दिक्कत आ रही थी। बिजली आ-जा रही थी। यह दिक्कत सुबह भी हो रही थी। बताया जा रहा है कि इसी की वजह से शार्ट सर्किट हुआ है। इंडस्ट्रियल एरिया के बाहर

चल रही थी यह फैक्ट्री

इंडस्ट्रियल एरिया के पीछे साकेत कालोनी और परशुराम कालोनी रिहायशी कालोनियां हैं। इसी कालोनी में यह फैक्टरी चल रही थी। इन फैक्ट्रियों के चलने से आसपास के लोग भी परेशान हैं, क्योंकि केमिकल व रबड़ और अन्य चीजों के जलने से वायु प्रदूषण भी होता है।

chat bot
आपका साथी