फसल की बर्बादी पर फूटा किसानों का गुस्सा, गोवंशीय पशुओं को किया बंद

कुरसंडा में किसानों ने जमकर किया हंगामा लेखपाल को बनाया बंधक।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 04:58 AM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 04:58 AM (IST)
फसल की बर्बादी पर फूटा किसानों का गुस्सा, गोवंशीय पशुओं को किया बंद
फसल की बर्बादी पर फूटा किसानों का गुस्सा, गोवंशीय पशुओं को किया बंद

संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद में निराश्रित गोवंश से फसल बर्बाद होने से परेशान किसानों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। कुरसंडा क्षेत्र में किसानों ने दर्जनों गोवंशीय पशुओं को जल निगम परिसर में बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे लेखपाल को भी बंधक बना लिया। पुलिस ने लेखपाल को मुक्त कराया। एसडीएम के निर्देश पर एडीओ पंचायत ने किसानों को गोवंशीय पशुओं की समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया है।

खेतों में इस समय आलू, गेहूं तथा सरसों की फसल लहलहा रही है। फसल की रखवाली के लिए किसानों को रात-दिन एक करना पड़ रहा है। उसके बावजूद गोवंशीय पशु खेतों में घुसकर फसल को बर्बाद कर रहे हैं। कई किसानों ने खेत के चारों तरफ तारबंदी तथा बाड़बंदी करा रखी है। इसके बावजूद यह गोवंश खेतों में घुसकर फसल को बर्बाद कर रहे हैं। लगातार फसल की बर्बादी को देखकर कुरसंडा क्षेत्र के गांव नगला मिठास, नगला ध्यान, अनगदा, नगरिया तथा छावा गांव के आक्रोशित किसानों ने नगला मिठास स्थित जल निगम की पेयजल टंकी परिसर में गोवंश को बंद कर दिया। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल को भी किसानों ने बंधक बना लिया। उपजिलाधिकारी ने तत्काल पुलिस को मौके पर भेजा। प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा, एसएसआइ राजेश यादव गांव में पहुंच गए। उन्होंने लेखपाल को बंधन मुक्त कराया। किसानों से गोवंश को जल निगम टंकी परिसर से मुक्त कराने को कहा, लेकिन किसानों ने कोई बात नहीं मानी। किसानों ने बताया कि उन लोगों की ओर से प्रशासन स्तर पर कई बार शिकायत करके कुरसंडा की गोशाला को प्रारंभ कराने की मांग की गई, लेकिन अभी तक गोशाला शुरू नहीं किया गया है। एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम ने वाहन से गोवंश दूसरी गोशाला में भिजवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर किसान शांत हुए। किसान इन बेसहारा गोवंश से पीड़ित हैं।

गोवंश के हमले से महिला घायल

संसू, सादाबाद : मुरसान मार्ग पर एक महिला पर गोवंशीय पशु ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घायल महिला शकुंतला देवी पत्नी राजन सिंह का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया गया।

chat bot
आपका साथी