परी गाढ़ संतन पर जब-जब, भई सहाय मातु तुम तब-तब

दुर्गा नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़ घरों में कन्या-लांगुरा जिमाकर दिए गए उपहार।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 04:15 AM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 04:15 AM (IST)
परी गाढ़ संतन पर जब-जब, भई सहाय मातु तुम तब-तब
परी गाढ़ संतन पर जब-जब, भई सहाय मातु तुम तब-तब

संवाद सहयोगी, हाथरस : जिले में दुर्गा नवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। नवरात्र का व्रत पूरा कर श्रद्धालुओं ने घरों में पूजा-अर्चना के बाद कन्या-लांगुरा जिमाए।

नवरात्र के अंतिम दिन दुर्गा नवमी का पर्व मनाया गया। घरो, मंदिरों व पूजा पंडालों में मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि विधान से पूजा की गई। हाथों में पूजा की थाली लिए श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगे थे। मुरसान गेट की बौहरे वाली देवी, रमनपुर में चामुंडा देवी, जलेसर रोड पर चामड़ वाली माता, बिसाना में तारागढ़ वाली माता के मंदिरों में भंडारे का आयोजन कर प्रसाद का वितरण किया गया। घरों में कन्या-लांगुरा जिमाने के बाद उन्हें उपहार दिए गए।

देवी जागरण : नाई का नगला में आयोजित देवी जागरण का उद्घाटन पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने पूजा-अर्चना कर किया। इसमें साहब सिंह, मनोज कुमार, अभिषेक कुमार मौजूद रहे। नेहरू कालोनी स्थित देवी माता मंदिर पर श्रद्धालुओं ने पूजा की।

'वनिता' शाखा का चुनरी महोत्सव

भारत विकास परिषद 'वनिता' शाखा हाथरस की ओर से नवरात्र के अंतिम दिन चिताहरण मंदिर में माता रानी का श्रृंगार व चुनरी महोत्सव, भजन-कीर्तन, फूल-बंगला के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इसमें अध्यक्ष एकता अग्रवाल, अनीता मदनावत, गीता बंसल, रेनू अरोरा, प्रमिला गौड़, मुक्ता गर्ग, आशु वशिष्ठ, सविता अग्रवाल उपस्थित रहीं। दुर्गा नवमी पर मां नगरकोट कांगड़ा देवी मंदिर रावत कालोनी में भाजपा नेता अजय रावत ने माता रानी की पूजा अर्चना कर कन्या-लांगुरा जिमाते हुए उनसे आशीर्वाद लिया। महामारी से निजात को प्रार्थना

संसू, सिकंदराराऊ : दुर्गा नवमी के दिन घरों में मातारानी की पूजा अर्चना कर देश मे फैली बीमारियों के खात्मे की प्रार्थना की गई। सिद्धपीठ मां ब्रजेश्वरी पथवारी मंदिर, काली माता मंदिर, पीपल वाली माता मंदिर, चामुंडा देवी मंदिर पर माता रानी के दर्शन को सुबह से ही भक्तों का भीड़ लगी रही। चैतन्य झांकी सजाई

संसू, हाथरस : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से नवरात्र पर्व को लेकर चैतन्य देवी की झांकियों का आयोजन रामलीला मैदान पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस क्षेत्राधिकारी रुचि गुप्ता, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने किया। ब्रह्माकुमारी वसुंधरा एंक्लेव वरदानी भवन पर नवरात्र के उपलक्ष्य में दुर्गा मां की चैतन्य झांकियों का आयोजन किया गया। इस दौरान माया बहन, अर्चना बहन, चंदन, गुरु सुंदरी बहन मौजूद रहीं।

chat bot
आपका साथी