भाजपा की हर बूथ पर मनेगी दिवाली

विधानसभा चुनाव से पहले की दिवाली को भाजपा खास मनाने जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Nov 2021 12:30 AM (IST) Updated:Tue, 02 Nov 2021 12:30 AM (IST)
भाजपा की हर बूथ पर मनेगी दिवाली
भाजपा की हर बूथ पर मनेगी दिवाली

जासं, हाथरस : विधानसभा चुनाव से पहले की दिवाली को भाजपा खास मनाने जा रही है। इस बार शहर से लेकर देहात तक हर बूथ पर 20 दीपक जलाए जाएंगे और एक तोरणद्वार सजेगा। जनपद में 1318 बूथ हैं। इस बीच सदस्यता अभियान को परवान चढ़ाते हुए मेरा परिवार भाजपा परिवार के नारे को भी बुलंद किया जा रहा है।

विधानसभा चुनाव के 100 दिन शेष रह गए हैं। जनपद में विधानसभा की तीन सीटें हैं। दो सीटें भाजपा के पास हैं। इस बार भाजपा का तीनों सीटें जीतने का लक्ष्य है। इसके लिए तीन विधानसभा प्रभारी और तीन विस्तारकों को जिम्मेदारी दी गई है। वे प्रवास पर भाजपा की चुनावी तैयारियों को धार दे रहे हैं। चुनाव से पहले दिवाली पड़ रही है। बूथ तक लोगों के बीच पहुंचने के लिए इस दिवाली को खास मनाने की तैयारी चल रही है। हर बूथ पर 20 दीपक जलाए जाएंगे। हर बूथ पर एक तोरण द्वार बनाया जाएगा। दो लोगों को खास दिवाली का अहसास कराएगा। साथ ही पार्टी ने सोच ईमानदार काम दमदार एक नया नारा भी दिया है। केंद्र व प्रदेश के कामों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। इस काम में बूथ अध्यक्ष व बूथ प्रभारी की प्रमुख भूमिका रहेगी। मु्ख्यालय से इसके लिए सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। हाल ही में ब्रजक्षेत्र के मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, सदस्यता अभियान प्रमुख व अन्य पदाधिकारियों की बैठक हो चुकी है।

मेरा परिवार भाजपा परिवार नारे को करेंगे बुलंद

लखनऊ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 29 अक्टूबर को भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। इस बार पूरे प्रदेश में 1.5 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सदस्यता अभियान को आसान बनाने के लिए दिए गए नंबर पर मिस्ड काल कर भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। इससे घर बैठे सदस्य बनाए जा सकते हैं। भाजपा अपने सदस्य बढ़ाकर मेरा परिवार भाजपा परिवार नारे को घर-घर पहुंचाएगी।

chat bot
आपका साथी