लोक अदालत में एक दिन में 14371 वादों का निस्तारण

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 12:14 AM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 12:14 AM (IST)
लोक अदालत में एक दिन में 14371 वादों का निस्तारण
लोक अदालत में एक दिन में 14371 वादों का निस्तारण

जासं, हाथरस : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष की इस पहली राष्ट्रीय लोक अदालत में एक दिन में विभिन्न प्रकृति के कुल 14 हजार 371 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें 36 मोटर दुर्घटना प्रतिकर के वाद का निस्तारण कर एक करोड़ 54 लाख 33,900 रुपये प्रतिकर के रूप में दिलाए गए। 90 सिविल वाद, 36 पारिवारिक वाद, पांच वाद धारा 138 एनआइ एक्ट, 10 हजार 482 राजस्व वादों का निस्तारण कर एक लाख 06 हजार 840 रुपये जुर्माना वसूला। एक वाद उपभोक्ता फोरम व 3229 लघु आपराधिक वादों का निस्तारण कर 7 लाख 17 हजार 710 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूल किए गए। इसके अतिरिक्त प्रिलिटीगेशन स्तर पर बैंक के कुल 481 मामलों का निस्तारण कर 5 करोड़ 82 लाख 89 हजार 810 रुपये के समझौता दाखिल किया गया।

जनपद न्यायाधीश सुनील कुमार सिंह के न्यायालय से छह सिविल व दो फौजदारी वादों का निस्तारण किया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अखिलेश दुबे के न्यायालय से कुल 36 पारिवारिक वादों का निस्तारण किया गया, जिनमें सात जोडे़ साथ-साथ राजी खुशी से अपने घर गए। विशेष न्यायाधीश पोक्सो प्रतिभा सक्सेना के न्यायालय से 31 फौजदारी वाद का निस्तारण कर 16,500 रुपये अर्थ दंड के रूप में वसूले गए। सीजेएम शिव कुमारी के न्यायालय से 1479 लघु आपराधिक वादों का निस्तारण कर 4 लाख 65 हजार 070 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूले गए।

एडीएम राजस्व के न्यायालय से 25 राजस्व व एडीएम न्यायिक के न्यायालय से 10 राजस्व वादों का निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी, हाथरस के न्यायालय से 602 लघु आपराधिक, उपजिलाधिकारी (न्यायिक), हाथरस के न्यायालय से सात राजस्व वादों के अलावा उपजिलाधिकारी, सादाबाद के न्यायालय से 820 लघु आपराधिक वादों का निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी, सिकंदराराऊ के न्यायालय से 608 लघु आपराधिक वादों का निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी, सासनी के न्यायालय से 806 लघु आपराधिक वादों का निस्तारण किया गया।

जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से 634, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से 60 व जिला पूर्ति अधिकारी के यहां से 125 मामलों का निस्तारण किया गया। नगर निकाय हाथरस के यहां से 3300 मामलों का निस्तारण किया गया। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड, हाथरस के यहां से 11 मामलों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा अन्य न्यायिक अधिकारियों और अन्य विभागों के यहां से वादों का निस्तारण किया। राष्ट्रीय लोक अदालत के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव चेतना सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

chat bot
आपका साथी