प्रवासियों के बारे में ग्राम निगरानी समितियों से मांगा जा रहा ब्योरा

जनपद के सभी ग्रामों में सक्रिय कर दी गई हैं ग्राम निगरानी समितियां विकास भवन में बना कंट्रोल रूम 24 घंटे मुस्तैद पंचायत राज के कर्मी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 01:27 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 01:27 AM (IST)
प्रवासियों के बारे में ग्राम निगरानी  समितियों से मांगा जा रहा ब्योरा
प्रवासियों के बारे में ग्राम निगरानी समितियों से मांगा जा रहा ब्योरा

जागरण संवाददाता, हाथरस : कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से ग्रामीणों को बचाने के लिए अब ग्राम निगरानी समितियों के माध्यम से रोजाना प्रवासियों के बारे में जानकारी मांगी जा रही है, क्योंकि दिल्ली में लाकडाउन के कारण बड़ी संख्या में प्रवासियों का गांव लौटना शुरू हो गया है। ग्राम निगरानी समिति में ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है ताकि वे बाहर से आने वाले प्रवासियों के बारे में जानकारी जिला मुख्यालय पर लगे कंट्रोल रूम पर दे सकें। यही नहीं, फोन के माध्यम से भी विकास भवन में खोले गए कोरोना कंट्रोल रूम से गांव-गांव जानकारी मांगी जा रही है। पहले ही ग्राम निगरानी समितियों को एक्टिव कर दिया गया था। कंट्रोल रूम में पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों की शिफ्टवाइज ड्यूटी लगा दी गई है। गांव-गांव सफाई-सैनिटाइजेशन

शासन के निर्देश पर जनपद के सभी 463 गांवों में सफाई, सैनिटाइजेशन और फागिग का काम शुरू कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने यह जिम्मेदारी सभी ग्राम पंचायत सचिवों को दी है। उनसे कहा है कि वे गांवों में सफाई कर्मचारी से साफ-सफाई के अलावा फागिग का कार्य भी कराया जाना सुनिश्चित कराएं। निर्देशों के बाद काम शुरू करा दिया गया है। गांवों में पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों की देखरेख में सफाईकर्मी साफ-सफाई अभियान चला रहे हैं। गांवों की नालियों को साफ किया जा रहा है। गांवों में कूड़े के ढेर को हटाया जा रहा है। फागिग भी कराई जा रही है। कीटनाशकों का छिड़काव करा रहे हैं।

जानकारों का मानना है सामान्य रूप से डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफलाइटिस तथा अन्य संक्रामक बीमारियों के मामले में अक्सर वृद्धि होती है। कोरोना संकट के समय यह बीमारी भी नियंत्रण में रहे इसके लिए सफाई और सैनिटाइजेशन किया जाना जरूरी है। वर्जन-

शासन के निर्देश पर शहर के साथ देहात क्षेत्रों में भी साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दिशा-निर्देश मिल चुके हैं। काम शुरू कराया जा चुका है।

बनवारी सिंह, डीपीआरओ हाथरस।

chat bot
आपका साथी