पत्नी की हत्या कर शव जलाया, मुकदमा दर्ज
गांव के व्यक्ति ने पुलिस को दी सूचना बिहार की थी मृतका अंतिम संस्कार स्थल से शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संवाद सूत्र, हाथरस: कोतवाली मुरसान के गांव नगला भाऊ में गुरुवार की सुबह एक व्यक्ति पत्नी के शव का अंतिम संस्कार कर रहा था। तभी ग्रामीण ने महिला की हत्या कर शव जलाने की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस पहुंची तो पति भाग गया। पुलिस ने चिता स्थल से शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। गांव के व्यक्ति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला बिहार की रहने वाली थी, उसके स्वजन के बारे में जानकारी की जा रही है।
गांव नगला भाऊ में उदयवीर सिंह गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे शौच के लिए जा रहे थे, तभी उसने रास्ते में देखा कि गांव का ही देशराज बिहार निवासी 25 वर्षीय पत्नी अंशू के शव का अंतिम संस्कार कर रहा है। ग्रामीण ने घटना की जानकारी कोतवाली मुरसान पुलिस को दे दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंची। पुलिस को आते देख मृतका का पति देशराज मौके से भाग गया। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही महिला का शव लगभग जल चुका था। पुलिस ने अंतिम संस्कार स्थल से शव के अवशेष एकत्रित किए और उन्हें पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया। एसएसआइ रामनरेश का कहना है कि गांव के ही उदयवीर सिंह की तहरीर पर पत्नी की हत्या कर सबूतों को मिटाने का प्रयास करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित ने दो वर्ष पहले अंशू से शादी की थी। एसएसआइ का कहना है कि मृतका के स्वजन बिहार के रहने वाले हैं, उनके बारे में जानकारी कर सूचना दी जा रही है। आरोपित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।