दिन में हुई रात, तेज आंधी के साथ बरसात

मौसम ने मंगलवार दोपहर बाद अचानक करवट बदली। करीब चार बजे आंधी के साथ बारिश हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Mar 2021 12:07 AM (IST) Updated:Wed, 24 Mar 2021 12:07 AM (IST)
दिन में हुई रात, तेज आंधी के साथ बरसात
दिन में हुई रात, तेज आंधी के साथ बरसात

जागरण टीम,हाथरस : मौसम ने मंगलवार दोपहर बाद अचानक करवट बदली। करीब चार बजे आंधी के साथ अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज बारिश हुई। बिजली की तड़तड़ाहट से लोग सहम गए। जिले में कई जगह ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान बताया जा रहा है। इस बेमौसम हुई बारिश ने किसानों को चिता में डाल दिया है।

वैसे तो सोमवार की रात में भी आसमान में छाए बादलों से बारिश की संभावना बनी हुई थी, लेकिन बारिश नहीं हुई। मंगलवार शाम करीब चार बजे चारों ओर अंधेरा छा गया। इसके साथ ही आई तेज आंधी से चारों ओर धुंध छा गई। बाजारों में इसके चलते लोगों ने दुकानों के शटर गिरा लिए। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में तो कई जगह टिनशेड व छप्पर ही आंधी-तूफान में उड़ गए। विद्युत पोल टूट गए। दिन में ही रात जैसा नजारा हो गया। आंधी-तूफान के चलते चालकों द्वारा सड़कों पर वाहन भी जहां के तहां सड़क किनारे खड़े कर दिए गए थे।

बारिश के साथ गिरे ओले

बिजली की तड़तड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई। हाथरस के अलावा, सिकंदराराऊ, सासनी में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके साथ सादाबाद, सहपऊ, मुरसान में कई जगह बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई गांवों में गेहूं, जौ की फसलें खेतों में बिछ गईं।

करीब दो घंटे गुल रही विद्युत आपूर्ति

आंधी ने शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर कहर ढाया। सादाबाद, मुरसान, सहपऊ, सिकंदराराऊ, हसायन, सासनी में विद्युत पोल धराशायी हो गए। इस दौरान करीब दो घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। उसके बाद तो बिजली पल-पल पर आती जाती रही। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बिजली ने बहुत परेशान किया।

किसानों की चिता बढ़ी

आंधी व तूफान के चलते हुई बारिश से सबसे अधिक नुकसान आलू की फसल को हुआ है। आलू की खोदाई का कार्य चल रहा है। बहुत-सी जगह खेतों में आलू पड़ा हुआ भीग जाने से खराब हो गया है। इससे सब्जियों की फसल को भी नुकसान हुआ है। इस समय आम की फसल पर बौर आ रहा है। आंधी के साथ हुई बारिश में यह बौर भी गिरने लगा है। इससे आम की पैदावार पर भी असर पड़ेगा।

सर्द हुआ मौसम

वहीं बारिश व ओला गिरने से मौसम भी अचानक बदल गया है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश में भीगने पर लोगों की कंपकंपी छूट रही थी।

chat bot
आपका साथी