हाथरस में गलियों में घूमता दिखा मगरमच्छ, दहशत

सिकंदराराऊ नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ की गलियों में शुक्रवार की रात मगरमच्छ घूमता दिखा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 12:25 AM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 12:25 AM (IST)
हाथरस में गलियों में घूमता दिखा मगरमच्छ, दहशत
हाथरस में गलियों में घूमता दिखा मगरमच्छ, दहशत

संसू, हाथरस: सिकंदराराऊ नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ की गलियों में शुक्रवार की रात मगरमच्छ घूमते देखा गया। इससे वहां के लोगों में दहशत है। गली में घूम रहे मगरमच्छ का वीडियो भी लोगों ने बनाया है। यह मगरमच्छ पास की पोखर में चला गया। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है।

नगर के अतिव्यस्त पंत चौराहे से पुरानी तहसील रोड पर मोहल्ला शीशनगर स्थित है। मोहल्ले की दूरी चौराहे से महज आधा किलोमीटर है। यहां चामुंडा मंदिर के पास दो पुरानी पोखर हैं। पोखर के आसपास आबादी बस गई है। शुक्रवार की रात कुछ लोग घरों की छत पर टहल रहे थे, तभी उनकी नजर गली में मगरमच्छ पर पड़ी। लोग दहशत में आ गए। उन्होंने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। लोगों ने बताया कि मगरमच्छ मोहल्ले की दूसरी गली में चला गया। वहां से फिर लौटकर आया। फिर पास की पोखर में चला गया। बाशिदों ने बताया कि चामुंडा के सामने की पोखर में मगरमच्छ गया है। लोग डर के कारण कहीं जा नहीं पा रहे हैं। बच्चों को भी घरों से नहीं निकलने दे रहे हैं। सुबह के समय घरों से टहलने नहीं निकले। दूध लेने के लिए भी डरते हुए गए। दहशत में आए मोहल्ले के लोगों ने एसडीएम, नगर पालिका और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी है। हालांकि, शनिवार को रात आठ बजे तक टीम मगरमच्छ को पकड़ने के लिए नहीं आई है।

दो महीने पहले भी देखा था मगरमच्छ

स्थानीय लोगों की मानें तो इन पोखरों में कई मगरमच्छ हैं। दो महीने पहले भी चामुंडा मंदिर वाली पोखर में मगरमच्छ देखा गया था। तब वन विभाग की टीम को सूचना भी दी गई थी। वन विभाग की टीम ने यहां पर तीन-चार घंटे रहकर तलाश भी किया था, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। एक बार फिर मगरमच्छ दिखाई देने से लोग डरे हुए हैं। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द इसे पकड़वाया जाए ।

बोले लोग-

मोहल्ले की गलियों में मगरमच्छ दिखाई देने से सभी लोग भयभीत हैं। अच्छा हुआ कि मगरमच्छ के विचरण के दौरान कोई अनहोनी घटना नहीं हुई।

- मोनू

सूचना देने के बाद भी अधिकारियों का ध्यान न देना चिताजनक है। मगरमच्छ मोहल्ले में दिखाई देने पर रात से ही लोग डरे हुए हैं। सुबह कोई भी घरों से बाहर नहीं निकला।

- गजेंद्र सिंह चक

chat bot
आपका साथी