चुनावी बिगुल बजते ही तैयारियों में जुटे जिपं. अध्यक्ष पद के दावेदार

भाजपा प्रत्याशी सीमा उपाध्याय और रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के बीच माना जा रहा है मुकाबला।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 04:19 AM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 04:19 AM (IST)
चुनावी बिगुल बजते ही तैयारियों में जुटे जिपं. अध्यक्ष पद के दावेदार
चुनावी बिगुल बजते ही तैयारियों में जुटे जिपं. अध्यक्ष पद के दावेदार

जासं, हाथरस : जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव का बिगुल फुंक चुका है। चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही दावेदार तैयारियों में जुट गए हैं। दावेदार एक-एक सदस्य को साधने की कोशिश में लगे हैं। यहां 26 जून को नामांकन और तीन जुलाई को मतदान होगा। हाथरस में भाजपा प्रत्याशी सीमा उपाध्याय और रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू के बीच मुकाबला माना जा रहा है।

जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव होने के बाद से ही अध्यक्ष पद के दावेदारों को अधिसूचना का इंतजार था। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार 26 जून को सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 29 जून को 11 से तीन बजे तक नाम वापसी की तिथि नियत की गई है। तीन जुलाई को सुबह 11 से 3 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतों की गणना होगी, शाम तक नए अध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।

सीमा बोलीं-18 प्लस सदस्य,

गुड्डू का भी बहुमत का दावा

हाथरस में चुनावी समीकरण पेचीदे नजर आ रहे हैं। यहां 24 सदस्यों में से जीत के लिए 13 की जरूरत है। यहां दो दावेदारों के बीच मुकाबले के आसार हैं। इसमें से एक पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय हैं तो दूसरा नाम रालोद नेता प्रदीप चौधरी गुड्डू का सुर्खियों में है। भाजपा से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद सीमा उपाध्याय खुद को मजबूत स्थिति में मान रही हैं। भाजपा के पांच सदस्य चुनाव जीते हैं। रामवीर परिवार का हाथरस की जिला पंचायत में शुरू से ही दबदबा रहा है। दो दशक अध्यक्ष पद पर उनके परिवार और करीबियों का कब्जा रहा है। खुद सीमा उपाध्याय भी दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। रामवीर उपाध्याय इस बार भी पत्नी को जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। सीमा उपाध्याय की मानें तो 18 से अधिक सदस्य उनके संपर्क में हैं। दो अन्य से बात चल रही है।

वहीं दूसरी ओर प्रदीप चौधरी को सपा का साथ मिल रहा है। रालोद के तीन और सपा के चार सदस्यों ने चुनाव जीता है। प्रदीप चौधरी वार्ड 16 से, उनकी पत्नी शशि चौधरी वार्ड 15 से चुनाव जीती हैं। प्रदीप चौधरी की मानें तो रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी और समाजवादी पार्टी की ओर से उन्हें चुनाव लड़ने के निर्देश मिले हैं। वह खुद या पत्नी को चुनाव लड़ा सकते हैं। उनका दावा है कि कई सदस्य उनके संपर्क में हैं और वह बहुमत का आंकड़ा पार कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी