कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट पर दिया धरना
कांग्रेसियों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पर श्री राम मंदिर ट्रस्ट पर भूमि खरीद में घोटाले का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, हाथरस: कांग्रेसियों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पर श्री राम मंदिर ट्रस्ट पर भूमि खरीद में घोटाले का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि इसकी जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में कराई जाए। धरना प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन ओसी कलक्ट्रेट को सौंपा। जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि देश के नागरिकों ने बड़ी श्रद्धा भाव से जो राम मंदिर के लिए दान दिया, भाजपा ने उसमें घोटाला किया। 1992 से लेकर अब तक राम के नाम पर जनता ने धार्मिक भावना से दान दिया मगर जनता की धार्मिक भावनाओं पर कुठाराघात किया गया है। देश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। शहर अध्यक्ष विनोद कुमार कर्दम, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष बीना गुप्ता, युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मथुरा प्रसाद, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव जितेंद्र गौतम, एससी एसटी विभाग के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह तथा जिला उपाध्यक्ष जैनुद्दीन जैन ने भी धरने को संबोधित किया। धरना-प्रदर्शन में महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, सादाबाद नगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, एनएसयूआइ जिलाध्यक्ष विकास चौधरी, अनुज कुमार संत, प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र यादव मौजूद रहे। 30 जून की जाए गेहूं खरीद की तिथि
जासं, हाथरस : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने हाथरस मंडी समिति में स्थित गेहूं खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। यहां किसान गेहूं बिक्री को लेकर परेशान दिखे। किसान गेहूं ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर खरीद केंद्र पर खड़े रहे। उन्होंने कहा कि किसान गांव से मंडी तक 30 रुपये प्रति क्विटल का भाड़ा देकर गेहूं ला रहे हैं, फिर भी गेहूं की खरीद नहीं की जा रही है। समय अधिक लेने पर किसानों को अतिरिक्त भाड़ा देना पड़ता है। सुमन ने कहा है कि गेहूं खरीद केंद्रों पर काकस का दखल है। केंद्रों पर व्यापारियों के गेहूं खरीदने की प्राथमिकता रहती है। सरकारी गेहूं क्रय केन्द्रों पर गेहूं खरीदने की सीमा 22 जून कर दी है, मगर यह तिथि कम से कम 30 जून तक बढ़ाई जाए। चौ. बिजेन्द्र सिंह, गौरीशंकर बघेल, आलोक कुमार, सतेंद्र कुमार शंकरपाल, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।