जब एसडीएम की गाड़ी के आगे लेट गई आरोपित लवकुश की मां

लवकुश की मां के सिर में आई चोट प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप घूरे हटाए जाने पर कर रहीं थी आपत्ति हम कहां डालेंगे कूड़ा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 01:17 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 01:17 AM (IST)
जब एसडीएम की गाड़ी के आगे  लेट गई आरोपित लवकुश की मां
जब एसडीएम की गाड़ी के आगे लेट गई आरोपित लवकुश की मां

जासं, हाथरस : गांव बूलगढ़ी में सफाई के चक्कर में घूरे को हटाए जाने पर रात को विरोध के बाद सुबह माहौल फिर गर्मा गया। आरोपित लवकुश की मां ने वहां गए अफसरों के सामने जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि सालभर से हाथ जोड़ रही हूं कि मेरा बेटा बेकसूर है, उसे गलत तरीके से फंसाया गया है। मृतका पक्ष की हर बात में मदद की जा रही। उनकी बात तक नहीं सुनी जा रही। आज लवकुश की मां को इंसाफ चाहिए। डीएम सहित पूरा प्रशासन उन पर दबाव बना रहा है। मेरे बेटे ने तो पानी पिलाकर मृतका की मां की मदद की थी। साल भर मेरी मदद करने कोई नहीं आया और बेटे से जेल में नहीं मिलने दिया। यह कहते हुए लवकुश की मां एसडीएम की गाड़ी के बोनट पर सिर मारा और फिर जमीन पर लेट गईं। महिला पुलिस के सहयोग से उन्हें हटाया गया। उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनके घूरे नहीं हटाए जाएंगे। इस आश्वासन पर ही वह मानीं। उनके सिर में हल्की चोट आई थी।

दरअसल गांव में मृतका के घर के आसपास गंदगी की समस्या भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद की ओर से उठाए जाने पर शुक्रवार की रात को ही नगर पालिका की जेसीबी और ट्रैक्टर पहुंच गए। इसकी जानकारी लवकुश की मां को हुई तो वे भी पहुंच गई। उन्होंने यह कहते हुए विरोध किया कि यहां उनका कूड़ा डाला जाता है और कई साल से डाल रहे हैं। विरोध के चलते सफाई का काम रुकवा दिया गया। सुबह 10 बजे भीम आर्मी के चीफ आजाद को कलक्ट्रेट जाना था। इस वजह एडीएम प्रशासन जेपी सिंह, एसडीएम राजकुमार सिंह, एएसपी प्रकाश कुमार फोर्स के साथ गांव पहुंच गए थे। यहां पर सफाई का काम भी चल रहा था। लवकुश की मां हाथरस में दवा लेने गई हुईं थीं। उन्हें जानकारी दी गई तो वे पहुंच गईं। अफसरों के आगे बिफरते हुए जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन हम पर दबाव बना रहा है। आज घूरे हटवा रहा है, कल हमे घर से निकलवा देगा।

रात में सफाई कर मृतका के घर इंटरलाकिग काम कराया गया

बूलगढ़ी में मृतका के घर के आसपास गंदगी का मुद्दा उठाए जाने के बाद रात में ही प्रशासन सतर्क हो गया था। सफाई के साथ सुबह से ही मुख्य मार्ग से मृतका के घर तक इंटर लाकिग का काम शुरू करा दिया गया था। चंद्रशेखर आजाद रात में अपने दो समर्थकों के साथ मृतका के घर रुके थे। एसडीएम राजकुमार सिंह, एएसपी प्रकाश कुमार, सीओ ब्रह्म सिंह उन्हें रात में ही बूलगढ़ी से जाने को कहते रहे मगर वे नहीं माने। उन्होंने सुबह डीएम से मिलने की बात कही थी। आवंटित है कूड़ा डालने की जगह

ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर कूड़ा डाला जा रहा है। वह ग्राम सभा की जमीन है। कई साल से कूड़ा डाला जा रहा है। ग्राम सभा की ओर से रसीद भी काटी जाती है मगर इस जमीन पर लोग कब्जा कर रहे हैं। चर्चाओं का दौर फिर तेज

भीम आर्मी के चीफ आजाद के आने के बाद और प्रशासन के सक्रिय होने से गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। गांव के लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। यह भी चर्चा थी कि गांव के अच्छे भले माहौल को सियासत कर पलीता लगाने की कोशिश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी