सपा और भाजपा शासन के जुल्म न भूले ब्राह्मण समाज

बसपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा के निशाने पर सपा और भाजपा रही।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 15 Aug 2021 12:23 AM (IST) Updated:Sun, 15 Aug 2021 12:23 AM (IST)
सपा और भाजपा शासन के
जुल्म न भूले ब्राह्मण समाज
सपा और भाजपा शासन के जुल्म न भूले ब्राह्मण समाज

जासं, हाथरस : बसपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा के निशाने पर सपा और भाजपा की सरकारें रहीं। उन्होंने कानपुर के बिकरू कांड से लेकर हाथरस में अनुसूचित जाति समाज की बेटी के साथ घटना का जिक्र कर ब्राह्मण और दलित समाज को भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश की। ब्राह्मण समाज से एकजुटता की अपील की। मौजूदा हालात के लिए उन्हें खुद जिम्मेदार ठहराया। तीनों कृषि कानूनों को किसानों के खिलाफ बताते हुए दूरगामी दुष्परिणाम गिनाकर किसानों को लुभाने की भी कोशिश की। सपा और भाजपा को एक सिक्के का दो पहलू बताया।

शनिवार को सासनी के राधे गार्डन में सम्मेलन रखा गया था। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि रोजगार के नाम पर केंद्र और प्रदेश सरकारें बेरोजगारों से खिलवाड़ कर रही हैं। पूंजीपतियों के इशारे पर देश की पुरानी कंपनियों और संपदा को बेचा जा रहा है। किसानों की आय दोगुना करने की बात की जा रही है, लेकिन तीन कृषि कानून लाकर उनकी जमीन से बेदखल करने की साजिश है। बेरोजगारों से अपना उद्योग के नाम पर पकोड़ा बेचने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने ब्राह्मण समाज व दलित समाज को आतंकित करने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार की सपा के शासन काल से तुलना की। इस दौरान सपा के शासन और भाजपा के शासन के दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ हुई घटना का भी जिक्र किया। समारोह में नेताओं ने उनका गदा देकर व फूल मालाओं से स्वागत किया।

सम्मेलन में पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे, बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली, मथुरा के पूर्व विधायक राजकुमार रावत, वरिष्ठ नेता रणवीर कश्यप, सूरज सिंह, गजराज विमल, जिलाध्यक्ष महेश बाबू कुशवाहा, हरदुआगंज चेयरमैन तिलकराज सिंह यादव, विजयगढ़ चेयरमैन संजीव काका, बनी सिंह जाटव, अशोक पाठक, हुकुम सिंह व अन्य मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी