1311 बूथों पर भाजपा के विजय अभियान का आगाज

एक पन्ना प्रमुख के ऊपर 60 वोटों की जिम्मेदारी मंडल स्तर पर होंगे पन्ना प्रमुख सम्मेलन।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 11:41 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 11:41 PM (IST)
1311 बूथों पर भाजपा के विजय अभियान का आगाज
1311 बूथों पर भाजपा के विजय अभियान का आगाज

जासं, हाथरस : विधानसभा चुनाव में फतह करने के लिए भाजपा के मिशन-2022 तहत भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही है। शनिवार से जनपद में 1311 बूथों पर आज से बूथ विजय अभियान शुरू हो गया। भाजपा पदाधिकारियों व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का संबोधन सुना। कहा कि इन सभी बूथों पर पन्ना प्रमुख भी अहम भूमिका निभाएंगे। एक पन्ना प्रमुख पर 60 वोटरों की जिम्मेदारी होगी। भाजपा ने मेरा बूथ सबसे मजबूत और बूथ जीतो चुनाव जीतो के मंत्र को लेकर इस अभियान की शुरुआत की है।

जनपद में 1311 बूथ हैं और 218 शक्ति केंद्र हैं। एक शक्ति केंद्र में 6-7 बूथ हैं। हर शक्ति केंद्र पर एक प्रमुख बनाया गया है। भाजपा की ओर से हर बूथ पर 10-12 पन्ना प्रमुखों की तैनाती होगी। एक पन्ना प्रमुख को 60 वोटरों की जिम्मेदारी दी गई है। अभी पन्ना प्रमुख तय होने हैं। जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को सुनने के बाद बताया कि यह अभियान अच्छा है और इसके परिणाम अच्छे आएंगे।

तीन में दो विधायक भाजपा के

2017 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो सिकंदराराऊ और हाथरस सदर सीट पर भाजपा को जीत मिली थी। सादाबाद सीट पर बसपा से पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय जीते थे। तीनों सीटों को जीतने के लिए भाजपा की ओर से संगठन स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है। मोर्चा के गठन के बाद नए जिला प्रभारी को भी भेजा गया है। पहले राजा वर्मा को हटाकर मान सिंह गोस्वामी को भेजा गया था। अब उनके स्थान पर मेरठ निवासी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. देवेंद्र सिंह को भाजपा का जिला प्रभारी बनाकर भेजा गया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन सुना : बूथ विजय अभियान के तहत भाजपा शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी व मंडल प्रभारी आचार्य महेंद्र सिंह सहित सभी बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजक व शक्ति केंद्र प्रभारियों ने संबोधन सुना। कहा कि हमें बूथ से लेकर यूथ तक पार्टी के अभियानों से जोड़ना है। सेवा ही संगठन है पार्ट वन, पार्ट टू के माध्यम से कोरोना मुक्त बूथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने बनाया। हमारा देश वैक्सीन स्वयं उत्पाद कर रहा है। प्रदेश की ओर से महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मार्गदर्शन दिया। संचालन प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने किया।

chat bot
आपका साथी