हाथरस में भाजपा की बादशाहत कायम, दिलेर जीते

जागरण संवाददाता, हाथरस : हाथरस लोकसभा सीट पर भाजपा ने फिर से पताका फहराई है। 28 साल से जारी भाजपा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 01:56 AM (IST) Updated:Fri, 24 May 2019 01:56 AM (IST)
हाथरस में भाजपा की बादशाहत कायम, दिलेर जीते
हाथरस में भाजपा की बादशाहत कायम, दिलेर जीते

जागरण संवाददाता, हाथरस : हाथरस लोकसभा सीट पर भाजपा ने फिर से पताका फहराई है। 28 साल से जारी भाजपा की जीत का सिलसिला 2019 के चुनाव में भी कायम रहा। भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह दिलेर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा गठबंधन प्रत्याशी रामजीलाल सुमन को 2,60,208 वोटों से हराया है। बसपा व रालोद से गठबंधन के बाद भी सपा यहां खाता नहीं खोल पाई। यहां से भाजपा प्रत्याशी को कुल 6,84,299 वोट मिले हैं, जबकि सुमन को 4,24,091 वोट मिले हैं।

हाथरस संसदीय क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र हाथरस सदर, सिकंदराराऊ, सादाबाद, छर्रा व इगलास शामिल है। यहां से भाजपा ने इगलास विधायक राजवीर दिलेर को मैदान में उतारा था, जबकि सपा-बसपा गठबंधन ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन को व कांग्रेस ने पूर्व विधायक त्रिलोकीराम दिवाकर को प्रत्याशी बनाया था। दिलेर के पिता स्व. किशनलाल दिलेर यहां से चार बार सांसद रहे। गुरुवार की सुबह सवा आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू हो गया था। शुरुआत से ही दिलेर जीत की ओर अग्रसर दिखे। जैसे-जैसे पारा चढ़ा, वैसे-वैसे कमल भी खिलता चला गया। दिलेर पहले प्रत्याशी है, जिन्हें हाथरस सीट पर 6,84,299 मत मिले हैं, जो वर्ष 2014 के चुनाव से भी अधिक हैं। उस समय भाजपा प्रत्याशी राजेश दिवाकर को 5,44,277 मत मिले थे। हालांकि वे 3,26,386 मतों से बसपा प्रत्याशी मनोज सोनी को हराया था। इस बार जीत का अंतर बेशक कम हुआ है लेकिन भाजपा का वोट बढ़ा है। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने रात साढ़े आठ बजे राजवीर के विजयी होने की घोषणा की और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया।

इससे पूर्व ही कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया था। हाथरस में फिर से कमल खिलने की जानकारी होते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह पर जश्न मनाया गया और एक दूसरे को बधाई दी गई। सभी अपनी जीत की मस्ती में झूमते नजर आए। तमाम युवा कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों पर डांस करते नजर आए। मिष्ठान का भी वितरण किया गया।

हाथरस सीट पर 1991 के बाद से सपा और बसपा कभी भी जीत हासिल नहीं कर सकी हैं। यहां से बसपा दूसरे स्थान पर ही रही है। इस बार सपा दूसरे स्थान पर रही।

किस प्रत्याशी को कितने मिले मत

प्रत्याशी, पार्टी, मिले मत

राजवीर दिलेर, भाजपा, 684299

रामजीलाल सुमन, सपा (गठबंधन), 424091

त्रिलोकीराम दिवाकर, कांग्रेस, 23926

भूपेंद्र सिंह, राष्ट्रीय शोषित समाज, पार्टी, 1565

राजाराम, लोकदल, 2305

हरस्वरूप, सरपंच समाज पार्टी, 3263

दिनेश साईं, निर्दलीय, 1394

तिलक सिंह, निर्दलीय, 883

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी