प्रदेश अध्यक्ष ने टटोली चुनाव की तैयारियों की नब्ज

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को हाथरस में वार्ड प्रभारियों और चुनाव समितियों से जानकारी ली।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 12:23 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 12:23 AM (IST)
प्रदेश अध्यक्ष ने टटोली चुनाव की तैयारियों की नब्ज
प्रदेश अध्यक्ष ने टटोली चुनाव की तैयारियों की नब्ज

जासं, हाथरस : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को हाथरस में वार्ड प्रभारियों और जिला चुनाव संचालन समिति के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव की तैयारियों की नब्ज टटोली। इसके साथ ही हरेक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को जुट जाने के लिए कहा।

गांव बरसै स्थित एबीजी गुरुकुलम में प्रदेश अध्यक्ष शाम को पौने छह बजे पहुंचे। वार्ड प्रभारियों और जिला चुनाव संचालन समिति के साथ बैठक कर एक-एक वार्ड की समीक्षा की और उसकी स्थिति के बारे में जाना। करीब एक घंटे चली बैठक में ए-प्लस और बी प्लस श्रेणी के वार्डों के बारे में जानकारी की। इस दौरान सभी वार्ड प्रभारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि हाथरस में 20 वार्ड ए-प्लस श्रेणी में हैं, जिन पर भाजपा प्रत्याशी दूसरे दावेदारों से मजबूत स्थिति में हैं, वहीं चार वार्ड बी-प्लस श्रेणी में हैं जिन पर विरोधियों से कड़ा मुकाबला है। पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत करने वालों को प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गंभीरता से लिया। उन्होंने अनुशासन में रहकर सभी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर बूथ स्तर पर जाकर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को जिताने पर जोर दिया। सभी कार्यकर्ताओं से बिना भेदभाव के भाजपा समर्थित सभी प्रत्याशियों को जिताने के लिए कहा। वार्ड संख्या 14 पर चुनाव को लेकर रणनीति बनाई। इस वार्ड पर पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय की पत्नी रितु उपाध्याय भाजपा से और उनके बड़े भाई पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी निर्दलीय आमने-सामने हैं। मुकुल ने अकेले में की बात

वार्ड 14 की जिला पंचायत सदस्य सीट से भाजपा समर्थित प्रत्याशी रितु उपाध्याय के पति मुकुल उपाध्याय ने प्रदेश अध्यक्ष से अकेले में पांच मिनट तक बात की और उन्हें लिखित पत्र भी दिया। मुकुल ने वार्ड नंबर 14 की स्थिति के बारे में प्रदेश अध्यक्ष को बताया। चर्चा है कि कुछ लोगों की शिकायत भी की। प्रदेश अध्यक्ष ने बगावत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

बदला गया बैठक का स्थान

यह बैठक पहले जिला कार्यालय पर आयोजित की जानी थी। बाद में उसका स्थान परिवर्तन कर सासनी में एबीजी गुरुकुलम में किया गया। बैठक में ब्रज प्रदेश अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज, सांसद राजवीर दिलेर, विधायक हरीशंकर माहौर, भाजपा के जिला प्रभारी राजा वर्मा, जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी, चेयरमैन आशीष शर्मा के अलावा पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय भी मौजूद रहे। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इससे पूर्व आशीष बंसल, मुकुल उपाध्याय, आशीष शर्मा आदि ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत भी किया।

ब्लाक प्रमुख के पदों पर जीत हासिल करने के लिए नब्ज टटोली

संसू, सासनी : सासनी ब्लाक प्रमुख का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष व ब्रज प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी हासिल की कि कौन-कौन प्रत्याशी निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए है। इस संबध में सांसद और विधायक से मंत्रणा भी की गई।

chat bot
आपका साथी