जिला पंचायत अध्यक्ष के नामांकन में भाजपा ने दिखाई ताकत

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सत्ताधारी पार्टी भाजपा की प्रत्याशी सीमा उपाध्याय ने शक्ति प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 Jun 2021 01:03 AM (IST) Updated:Sun, 27 Jun 2021 01:03 AM (IST)
जिला पंचायत अध्यक्ष के नामांकन में भाजपा ने दिखाई ताकत
जिला पंचायत अध्यक्ष के नामांकन में भाजपा ने दिखाई ताकत

जासं, हाथरस: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सत्ताधारी पार्टी भाजपा की प्रत्याशी सीमा उपाध्याय ने शनिवार को नामांकन किया। भाजपा के नेताओं के साथ रामवीर उपाध्याय ने पत्नी सीमा उपाध्याय के नामांकन के दौरान अपनी ताकत दिखाई। वह बहुमत से दो ज्यादा 15 सदस्यों के साथ जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे। सीमा उपाध्याय ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी की। इधर सपा-रालोद प्रत्याशी शशि चौधरी ने भी दोनों दलों के नेताओं को साथ लेकर नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा।

सुबह 11 से तीन बजे के बीच नामांकन का समय निर्धारित था। पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी भाजपा प्रत्याशी सीमा उपाध्याय ठीक 11 बजे कलक्ट्रेट पहुंच गईं। उनके साथ रामवीर उपाध्याय, भाजपा के जिला प्रभारी राजा वर्मा, विधायक हरीशंकर माहौर, वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, रामेश्वर उपाध्याय व 15 सदस्य कलक्ट्रेट पहुंचे। सदस्यों को साथ लेकर सीमा उपाध्याय ने पांच सेट में नामांकन दाखिल किया। जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर गुप्ता, पंजाबी लाल दिवाकर, गुरुणध्वज सिंह, प्रभा सिंह अनुमोदक और प्रस्तावक बने। 12 बजे नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा नेताओं का काफिला लौटा। इस दौरान यशपाल चौहान, नरेंद्र सिंह चौहान, महेंद्र सिंह आचार्य, सुनील गौतम, अमर सिंह पांडे, रामवीर भैयाजी, शरद माहेश्वरी, केके दीक्षित, कमल पालीवाल, मोहन पंडित साथ में रहे। इधर, कलक्ट्रेट से पहले होटल पर सपा-रालोद के नेता एकत्रित हुए। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन भी मौजूद रहे। सीमा के नामांकन के बाद रालोद-सपा समर्थित प्रत्याशी शशि चौधरी भी नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। उनके पति प्रदीप चौधरी गुड्डू चौधरी प्रस्तावक और उम्मेद सिंह अनुमोदक बने। इस दौरान एमएलसी जसवंत सिंह, ओमवती यादव, पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, प्रताप चौधरी, गिरेंद्र चौधरी, बच्चू सिंह, रमेश ठेनुआं आदि मौजूद रहे।

सीमा के साथ पहुंचे बहुमत से ज्यादा सदस्य

सीमा के साथ नामांकन के वक्त वार्ड नंबर एक के सदस्य उमाशंकर गुप्ता, वार्ड तीन के इन्द्रजीत उर्फ सोनू चौहान, वार्ड नंबर चार राधा परमार, वार्ड नंबर छह के रानू जादौन, सात के मनोज बघेल, आठ की आरती, वार्ड नंबर नौ राजेश दिवाकर, वार्ड 10 पंजाबी लाल दिवाकर, वार्ड नंबर 11 निहाल सिंह दिवाकर, वार्ड नंबर 12 पिकी, वार्ड 13 राजा गरुढ़ध्वज सिंह,वार्ड नंबर 20 वरुण गौतम, वार्ड नंबर 22 गुंजन शर्मा, वार्ड 24 प्रभा सिंह मौजूद रहे

नामांकन के दौरान लगा जाम

नामांकन के लिए दोनों ही सदस्यों के समर्थक वाहनों को लेकर पहुंचे। इससे कलक्ट्रेट के बाहर जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए ओसी कलक्ट्रेट राजेश कुमार, एसडीएम सासनी विजय शर्मा, एएसपी प्रकाश कुमार, सीओ ब्रह्म सिंह समेत अन्य अधिकारी, पुलिस और पीएसी तैनात रही।

जिपं चुनाव में होती रही है क्रास वोटिग

हाथरस जिला पंचायत में क्रास वोटिग का इतिहास पुराना रहा है। पहले कई बार ऐसा हो चुका है। इस बार भाजपा प्रत्याशी का दबदबा दिख रहा है, लेकिन जीत-हार का फैसला तो तीन जुलाई को होगा। दोनों ही खेमे अपने-अपने सदस्यों को साथ रखे हैं। हालांकि चुनाव में क्रास वोटिग का डर बना हुआ है।

इनका कहना है

15 सदस्यों के साथ नामांकन दाखिल किया है। तीन सदस्य और संपर्क में हैं। सभी के सहयोग से जीत का रास्ता तय करना है। जीत भाजपा की ही होगी।

सीमा उपाध्याय, प्रत्याशी भाजपा

चुनाव पूरी मजबूती से लड़ा जाएगा। सपा और रालोद के अलावा निर्दलीय सदस्य भी हमारे साथ हैं। हमारे पास बहुमत से अधिक सदस्य हैं। परिणाम तीन जुलाई को ही सामने आएगा।

शशि चौधरी, प्रत्याशी सपा-रालोद।

chat bot
आपका साथी