भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव का वादा भूली भाजपा : यदुवीर

सादाबाद की महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव ने बोला हमला।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 01:43 AM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 01:43 AM (IST)
भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव का वादा भूली भाजपा : यदुवीर
भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव का वादा भूली भाजपा : यदुवीर

संसू, हाथरस : सादाबाद में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौ. यदुवीर सिंह ने कहा है कि सत्ता में आने से पहले भाजपा जिन चीजों को गलत बताती थी, वही अब कृषि कानूनों के जरिये सफेद बता रही है। दिल्ली में किसान अपने अधिकारों की सुरक्षा के लिए नौ महीने से डटे हुए हैं। चुनाव से पहले भाजपा ने किसान हित में भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव लाने के संकेत दिए गए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इस वादे को भी भूल गई।

मंगलवार को मुरसान रोड स्थित पूर्व विधायक प्रताप चौधरी के कोल्ड स्टोरेज पर आयोजित महापंचायत में यदुवीर सिंह ने कहा कि सरकार रेलवे के निजी करण का प्रयास कर रही है। इससे लाखों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में निर्णायक बातचीत होनी है। इसलिए मुजफ्फरनगर जाकर किसान आंदोलन को मजबूत करें। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा को हराने का नारा दिया जाएगा। भाजपा किसानों को यह बताए कि वह अब झूठ बोल रही है या उसने सत्ता में आने से पहले झूठ बोला था। किसान अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे। पंचायत में नंदन सिंह शास्त्री, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू, प्रवीण पोनिया, चोब सिंह पहलवान, सूआ पहलवान, ईशान चौधरी, रालोद जिलाध्यक्ष केशव देव चौधरी, रामसहाय चौधरी आदि मौजूद रहे। एसडीएम के आश्वासन पर कांग्रेस नेता ने तोड़ा अनशन

संसू, सादाबाद : पिछले पांच दिनों से चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल के पास विभिन्न मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ने मंगलवार को एसडीएम के आश्वासन पर अनशन को स्थगित कर दिया।

मंगलवार को चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पहुंचीं एसडीएम अंजली गंगवार के सामने युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव मथुरा प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि स्थानीय स्तर पर आलू किसानों के साथ सौतेला रवैया अपनाकर उनकी फसल का वाजिब मूल्य नहीं दिलाया जा रहा है। इस पर एसडीएम ने कांग्रेसी नेता को वाजिब मूल्य दिलाने का आश्वासन दिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, नगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, प्रदेश सचिव जितेंद्र गौतम की मौजूदगी में उन्होंने अनशन तोड़ दिया। अनशन स्थल पर सहपऊ ब्लाक अध्यक्ष संतोष शर्मा, सहपऊ नगर अध्यक्ष जैसवाल, ओमप्रकाश, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निखिलवर्ती पाठक, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विकास चौधरी, वीना गुप्ता, कृष्णा गुप्ता, महिला नगर अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, अनिल शर्मा, आशीष शर्मा, अंकित चौधरी, कुलदीप सिंह, अप्पी पाराशर, दिनेश चौधरी, हरेंद्र गुप्ता, अनिल शर्मा, पवन पंडित, शाहिद कुरैशी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी