बरेली के विधायक के सुरक्षाकर्मी की हादसे में मौत

सहपऊ के गांव कोंकना खुर्द का सिपाही बरेली के विधायक छत्रपाल गंगवार का था सुरक्षाकर्मी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 04:54 AM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 04:54 AM (IST)
बरेली के विधायक के सुरक्षाकर्मी की हादसे में मौत
बरेली के विधायक के सुरक्षाकर्मी की हादसे में मौत

संवाद सूत्र, हाथरस : सहपऊ के गांव मकनपुर के निकट बुधवार रात बाइक सवार कांस्टेबल 24 वर्षीय कृष्णकांत की हादसे में मौत हो गई। नीलगाय से बचने के चक्कर में हादसा हुआ। कृष्णकांत बरेली की बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार की सुरक्षा में तैनात थे। परिवार में इकलौते बेटे की मौत से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

सहपऊ के गांव कोंकना खुर्द निवासी 24 वर्षीय कृष्णकांत को वर्ष 2018 में यूपी पुलिस में सिपाही के रूप में नौकरी मिली थी। वर्तमान में वह बरेली जनपद के बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार की सुरक्षा में तैनात थे। पिछले साल 24 नवंबर को सिपाही की शादी गोवर्धन के गांव पोरा निवासी दीक्षा से हुई थी। पत्नी की तबीयत खराब होने पर अवकाश लेकर वह बुधवार को गांव आ रहे थे। वह बस से गांव से कुछ दूरी पर मानिकपुर के पास उतरे थे। गांव का ही अजय प्रताप एक अन्य युवक के साथ कृष्णकांत को बाइक से लेने के लिए मानिकपुर गया था। अजय भी मध्य प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं। लौटते समय मकनपुर के पास नील गाय से बचने के चक्कर में बाइक पेड़ से टकरा गई। तीनों बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ लाया गया। चिकित्सकों ने सिपाही कृष्णकांत को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को सीएचसी से आगरा रेफर कर दिया गया। परिवार के इकलौते बेटे कृष्णकांत की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बारे में जनपद बरेली पुलिस मुख्यालय को अवगत करा दिया गया है। गुरुवार दोपहर को सीओ सादाबाद ब्रह्मसिंह व सहपऊ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार की मौजूदगी में कृष्णकांत का पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। कृष्णकांत के तयेरे भाई अमित कुमार ने मुखाग्नि दी। पूर्व ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने सिपाही के परिवार को सांत्वना दी।

chat bot
आपका साथी