चुनावी रंजिश में प्रधान के घर पर हमला, पथराव-फायरिग

सादाबाद के गांव सुसाइन में रविवार की रात हुई घटना किवाड़ तोड़कर घुसे जमकर की मारपीट पांच को आई चोट ग्राम प्रधान की तहरीर पर गांव के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 04:10 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 04:10 AM (IST)
चुनावी रंजिश में प्रधान के घर पर हमला, पथराव-फायरिग
चुनावी रंजिश में प्रधान के घर पर हमला, पथराव-फायरिग

संवाद सूत्र, हाथरस : कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव सुसाइन में रविवार रात ग्राम प्रधान के घर पर गांव के ही कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। पथराव में प्रधान के परिवार के कई लोग घायल हो गए। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए आरोपितों ने फायरिग भी की, लेकिन पुलिस फायरिग की बात से इन्कार कर रही है। ग्राम प्रधान की तहरीर पर गांव के ही छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

गांव सुसाइन निवासी रनवीर सिंह इस बार ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वे अपने घर के अंदर खाना खा रहे थे। तभी गांव के कुछ लोग अवैध हथियार, सरिया, फावड़ा, डंडा व ईंट लेकर प्रधान के घर पहुंच गए। हमलावर मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। ग्राम प्रधान से कहा कि 'बेईमानी से प्रधानी जीत गया है, तुझे आज जान से खत्म कर देंगे।' हमले में ग्राम प्रधान के भाई गजेंद्र सिंह, गिर्राज सिंह पुत्र कैलाश व भतीजे शैलेंद्र व सुभाष घायल हो गए। परिवार की महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हुए। ग्रामीणों को आते देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। ग्राम प्रधान रनवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही राहुल, हरदेव, नितिन, प्रहलाद, महेश तथा शीशपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इनका कहना है

ग्राम प्रधान की तहरीर पर गांव के ही छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फायरिग होने की बात गलत है।

डीके सिसोदिया, इंस्पेक्टर सादाबाद।

chat bot
आपका साथी