बैलगाड़ी की सवारी कर महंगाई पर हमला

विभिन्न बाजारों में जुलूस निकालकर किया अ‌र्द्धनग्न होकर प्रदर्शन सैकड़ों मीटर लंबा जुलूस-प्रदर्शन में कांग्रेसियों का जोश दिख रहा था।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Jul 2021 04:45 AM (IST) Updated:Tue, 13 Jul 2021 04:45 AM (IST)
बैलगाड़ी की सवारी कर महंगाई पर हमला
बैलगाड़ी की सवारी कर महंगाई पर हमला

संवाद सहयोगी, हाथरस : पेट्रोलियम पदार्थों के लगातार बढ़ रहे दाम से आम नागरिक परेशान है। सोमवार की दोपहर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित कांग्रेसियों ने बैलगाड़ी पर सवार होकर अ‌र्द्धनग्न प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस कार्यालय पसरट्टा बाजार से फ्रंटल प्रकोष्ठ एवं विभाग के प्रदेश पदाधिकारी एवं अध्यक्षों के नेतृत्व में विशाल जुलूस प्रदर्शन शुरू हुआ। सैकड़ों मीटर लंबा कांग्रेस के जुलूस-प्रदर्शन में कांग्रेसियों का जोश दिखाई दे रहा था। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गरीबों, किसानों व व्यापारियों के शोषण से जनता तंग आ चुकी है। जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआइ, पिछड़ा वर्ग विधि प्रकोष्ठ, शिक्षक प्रकोष्ठ, इंटरनेट मीडिया, व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे। बाजारों में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। नयागंज में कांग्रेसियों ने अ‌र्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। जुलूस प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष विनोद कुमार कर्दम, बीना गुप्ता एडवोकेट, कृष्णा गुप्ता, सलमा बेगम, मथुरा प्रसाद, एनएसयूआइ से आदित्य शर्मा, अप्पी पाराशर, विकास चौधरी सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रालोद ने सरकार को घेरा

जागरण संवाददाता, हाथरस : पेट्रोल और डीजल की तेजी से बढ़ रही कीमतों के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन डीएम रमेश रंजन को दिया।

पार्टी के जिलाध्यक्ष केशव चौधरी के निर्देशन में रालोद कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में डीएम दफ्तर के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम रमेश रंजन को दिए ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा है कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण न होने से लोग परेशान हैं। सरकार चुप्पी साधे हुए है। कोरोना काल में तमाम लोग बेरोजगार हो गए हैं और भुखमरी के कगार पर हैं। किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं किया गया है। सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। किसानों से वादा खिलाफी कर रही है। सरकार को टैक्स घटाकर डीजल-पेट्रोल की कीमतें कम करनी चाहिए। कोरोना काल के व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बिजली के बिल माफ करने चाहिए। कोरोना काल में आर्थिक व्यवस्था जर्जर हो गई है इसलिए छात्रों की फीस माफ की जानी चाहिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने सरकार को जमकर कोसा। प्रदर्शन के दौरान प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू, प्रताप चौधरी पूर्व विधायक, ईशान चौधरी, धर्मवीर सिंह, बहादुर सिंह, यथार्थ चौधरी, आशीष चौधरी, सूरजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी