पूर्व प्रधान हत्याकांड में आरोपित अशोक यादव ने किया सरेंडर

करीब दो महीने से था वांछित पुलिस कर रही थी कुर्की की तैयारी अशोक पर हत्या जानलेवा हमला समेत संगीन धाराओं में छह मुकदमे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 04:17 AM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 04:17 AM (IST)
पूर्व प्रधान हत्याकांड में आरोपित अशोक यादव ने किया सरेंडर
पूर्व प्रधान हत्याकांड में आरोपित अशोक यादव ने किया सरेंडर

जासं, हाथरस : सिकंदराराऊ के गांव कमालपुर के पूर्व प्रधान रामखिलाड़ी यादव की हत्या में नामजद आरोपित अशोक यादव ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया है। वह करीब दो महीने से वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपित के घर की कुर्की की तैयारी कर ली थी। न्यायालय में सरेंडर के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया। अशोक यादव पर हत्या, जानलेवा हमला समेत कई संगीन धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं।

31 मई की शाम को गांव कमालपुर निवासी पूर्व प्रधान रामखिलाड़ी यादव की सिकंदराराऊ-हाथरस रोड पर नहर पुल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पूर्व प्रधान के पुत्र विक्की यादव ने सुबोध उर्फ पिटू, प्रबोध उर्फ सिटू निवासीगण गांव नगला हरी थाना सिकंदराराऊ, अशोक यादव निवासी गांव सराय थाना सिकंदराराऊ व पीतांबर निवासी गांव कमालपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपित सुबोध उर्फ पिटू को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपित वांछित चल रहे थे। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस आरोपितों के घर की कुर्की की तैयारी कर रही थी। अब अशोक यादव ने सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। बाकी की गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं। शूटरों से कराई गई थी हत्या

जिला फीरोजाबाद के सिरसागंज में 27 जून को पवन कुमार की मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने हत्या कर दी थी। सिरसागंज पुलिस एवं फीरोजाबाद एसओजी ने मुठभेड़ के दौरान सुखबीर उर्फ सुखैया उर्फ श्यामलाल निवासी उरावर थाना नगला खंगर जिला फीरोजाबाद को गिरफ्तार किया था। सुखवीर ने पूछताछ में बताया था कि उसने अपने साथी अमन उर्फ बब्बन और राजीव यादव के साथ सुपारी लेकर सिकंदराराऊ के गांव कमालपुर निवासी रामखिलाड़ी यादव की गोली मारकर हत्या की थी। उसे सुपारी किसने दी, इसको लेकर विवेचना जारी है। अशोक यादव पर दर्ज मुकदमे

1- मुकदमा संख्या 157/2005- धारा 302, 307, कोतवाली देहात एटा।

2- मुकदमा संख्या 395/2002- धारा 307, 353, कोतवाली सिकंदराराऊ।

3- मुकदमा संख्या 384/2005- धारा 302, 147, 148, 149, 307 कोतवाली सिकंदराराऊ।

4- मुकदमा संख्या 75/2009- धारा- 452, 302, कोतवाली सिकंदराराऊ।

5-मुकदमा संख्या 536/2019 धारा 452, 356, 376, 506 सिकंदराराऊ।

6-मुकदमा संख्या 223/2021 धारा 302, 120बी, 34 सिकंदराराऊ।

chat bot
आपका साथी